
आज से बिहार में चलेगी लम्बी दूरी की ट्रेनें,243 ट्रेनें अभी भी कैंसल
पटना- 21 जून। अग्निपथ योजना पर के विरोध में बिहार में छात्र आंदोलन का शिकार हुए रेलवे ने आज से लम्बी दूरी के ट्रेनों को चलाने का निर्णय लिया है।पूर्व मध्य रेलवे के इस निर्णय के बाद पांच दिनों से आंदोलन के कारण बिहार के कई स्टेशनों पर फंसे यात्रियों सहित अन्य यात्रियों को भी राहत मिली है।
छात्र आंदोलन के दौरान पूर्व मध्य रेलवे को बड़ी क्षति होने के कारण रेलवे ने फिलहाल बोर्ड से 60 फीसदी ट्रेनें चलाने की परमिशन मांगी है। इनमें ज्यादातर ट्रेनों के परिचालन पर बोर्ड ने हरी झंडी दे दी है। परमिशन के बाद सोमवार को राजेंद्र नगर टर्मिनल से एक घंटे की देरी से दिल्ली के लिए तेजस राजधानी और संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस रवाना हुई। राजधानी और संपूर्ण क्रांति के अलावा साउथ बिहार एक्सप्रेस, हावड़ा एक्सप्रेर, कामाख्या एक्सप्रेस, एलटीटी मुंबई एक्सप्रेस, राजेंद्र नगर-बांका ट्रेन, दानापुर-बेंगलुरु एक्सप्रेस और दानापुर-पुणे एक्सप्रेस ट्रेन भी सोमवार को शुरू हो गई।
मैनपावर और रैक की व्यवस्था नहीं होने से बिहार से चलने वाली 243 ट्रेनें मंगलवार को भी कैंसल कर दी गई है। इन ट्रेनों का संचालन भी जल्द शुरू होगा।
उल्लेखनीय है कि रेल मुख्यालय हाजीपुर ने ट्रेन संचालन की व्यवस्था के लिए सोमवार को मंथन कर सभी रेल मंडलों को जोन की ओर से ट्रेनों की रैक उपलब्धता के निर्देश दिये थे। दानापुर रेल मंडल के विभिन्न विभागों में कर्मचारियों को अलर्ट रहने के लिए कहा गया था। इसके बाद कल दिल्ली के लिए तेजस राजधानी और संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस रवाना हुई थी।



