भारत

अब वो दिन दूर नहीं जब भगवान कृष्ण के दर्शन और भी दिव्य रूप में होंगे: PM मोदी

मथुरा- 23 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को यहां कहा कि ब्रज क्षेत्र ने मुश्किल से मुश्किल समय में भी देश को संभाले रखा, लेकिन जब देश आजाद हुआ तो जो महत्व इस पवित्र तीर्थ को मिलना चाहिए था वो हुआ नहीं। जो लोग भारत को उसके अतीत से काटना चाहते थे, जो लोग भारत की संस्कृति और उसकी आध्यात्मिक पहचान से विरक्त थे, जो आजादी के बाद भी गुलामी की मानसिकता नहीं त्याग पाए उन्होंने ब्रज भूमि को भी विकास से वंचित रखा। लेकिन अब राम मंदिर की तिथि भी आ गई है। अब वो दिन दूर नहीं जब यहां भगवान कृष्ण के दर्शन और भी दिव्य रूप में होंगे।

प्रधानमंत्री मोदी आज मथुरा पहुंचे, जहां वह कृष्ण की भक्त व कवयित्री मीराबाई की 525वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम ‘ब्रजरज उत्सव-2023’ में शामिल हुए। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत हमेशा से नारी शक्ति का पूजन करने वाला देश रहा है। कृष्ण के आगे भी राधा ही लगा है। हमारे देश में महिलाओं ने हमेशा जिम्मेदारियां भी उठाईं और समाज को लगातार मार्गदर्शन भी किया है। मीराबाई जी इसका भी एक प्रखर उदाहरण रही है। मीराबाई एक पथ प्रदर्शक रही हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण और मीराबाई का गुजरात का अलग ही रिश्ता है। मथुरा के कान्हा ने यहां से जाकर गुजरात में द्वारिका बनाई और उनकी महान भक्त मीराबाई ने राजस्थान से आकर अंत समय गुजरात में बिताया था।

मोदी ने कहा कि यहां पर ब्रज और ब्रजवासियों का दर्शन मिला है। यहां वही आता है जिसे श्रीकृष्ण बुलाते हैं। यह कोई साधारण धरती नहीं है। ब्रज लालजी और लाडली जी के प्रेम का साक्षात अवतार है। ब्रज की रज रज में राधा रानी रमी हुई हैं। कण कण में श्रीकृष्ण समाए हुए हैं। विश्व के सभी तीर्थ यात्रा से जो लाभ मिलता है। यहां आने पर सब मिल जाता है। उन्होंने ब्रज तीर्थ विकास परिषद की स्थापना पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब मथुरा और ब्रज विकास की दौड़ में पीछे नहीं रहेंगे। उन्होंने कहा कि संतों ने कहा है कि वृंदावन सा वन नहीं, नंदगांव जैसा गांव नहीं और वंशी वट जैसा कहीं वट नहीं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि गुजरात के लोगों को ब्रज में आने का सौभाग्य मिलता है तो उसे द्वारिकाधीश की कृपा मानते हैं। मुझे तो मां गंगा ने बुलाया और 2014 से आकर आपके बीच बस गया। इस महोत्सव में संत मीराबाई के नाम पर सिक्का और टिकट जारी करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। 84 कोस का ये ब्रज मंडल यूपी और राजस्थान को जोड़कर बनता है। पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत राधे-राधे से करते हुए कहा सबसे पहले क्षमा चाहता हूं कि चुनाव में था, मेरा सौभाग्य है कि आज ब्रज के दर्शन का अवसर मिला।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के 142 करोड़ की आबादी ने किए एक नए भारत के दर्शन: योगी

रेलवे ग्राउंड में चल रहे ब्रजरज उत्सव 2023 में शिरकत करने पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। यहां पर प्रधानमंत्री मोदी ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर प्रांगण में मौजूद सभी चार मंदिरों के दर्शन कर पूजन किया। सबसे पहले उन्होंने प्राचीन आदिकेशव भगवान का दर्शन पूजन किया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने योगमाया मंदिर में मां योगमाया के दर्शन किए। फिर गर्भगृह में श्रीकृष्ण के दर्शन और पूजन किया। इसके बाद भागवत भवन में मोदी ने दर्शन पूजन किया। इस दौरान तीन पंडितों ने उनकी पूजा संपन्न कराई। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट के सचिव ने एक तस्वीर पीएम मोदी को भेंट की। दर्शन पूजन के बाद पीएम मोदी का काफिला ब्रजरज उत्सव के लिए रवाना हो गए।

ब्रजरज उत्सव में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरे देश के 142 करोड़ की आबादी ने एक नए भारत का दर्शन किया है। नए भारत का वैश्विक मंच पर सम्मान बढ़ा है। आज दुनिया में आप कहीं भी जाते हैं तो पूरी दुनिया पलक पावड़े बिछा करके आपका अभिनंदन करती है। ऐसे में 142 करोड़ का भारत अपने आपको गौरवान्वित महसूस करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हमारे ऋषि मुनियों की देन योग को प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया के 190 देशों तक पहुंचाया है। आज योग से दुनिया लाभान्वित हो रही है। मोदी ने योग को वैश्विक पहचान दिलाई। कुंभ को वैश्विक मान्यता दिलवाई है और अब मथुरा, वृंदावन और यहां के सभी तीर्थ नौ वर्षों से लाभान्वित हो करके इस अभियान का हिस्सा बने हैं। वहीं अयोध्या में हर व्यक्ति जान रहा है, जो कभी नहीं हो सकता है, वो भी पीएम मोदी के नेतृत्व में 22 जनवरी को होने जा रहा है।

मीराबाई पर डाक टिकट और 525 रुपये का सिक्का जारी किया—

ब्रज रज उत्सव में शिरकत करने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने संत मीराबाई की 525वीं जन्मोत्सव के अवसर पर संयुक्त रूप से मीराबाई पर डाक टिकट और 525 रुपये का सिक्का जारी किया। मीराबाई पर डाक टिकट जारी करने के बाद केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय द्वारा संत मीराबाई पर बनाई गई डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई।

प्रधानमंत्री ने देखी हेमा मालिनी की नृत्य नाटिका—

ब्रज रज उत्सव में स्थानीय सांसद व अभिनेत्री हेमा मालिनी ने मीराबाई नृत्य नाटिका में मीरा के कृष्ण प्रेम के विरह को नृत्य से उकेरा। सांसद की नाट्य प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हेमा मालिनी की प्रस्तुति देखी और तालियां बजाकर उनका उत्साह वर्धन किया।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button