
अज्ञात वाहन की चपेट में आकर लखनऊ निवासी मीडिया कर्मी की मौत
मुुरादाबाद- 02 मई। दो दिन पूर्व मुरादाबाद में कांठ रोड स्थित गांधी आश्रम पर अज्ञात वाहन की चपेट में आकर मीडिया कर्मी की मौत हो गई। वह लखनऊ के रहने वाले थे। सोमवार शाम को शव की शिनाख्त हो सकी। सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिए ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
लखनऊ जनपद के राजाजीपुरम निवासी कुमार गौरव शर्मा मुरादाबाद में एक मीडिया संस्थान में मार्केटिंग का काम काम देखते थे। इससे पहले भी वह अलग-अलग मीडिया संस्थानों में सेवाएं दे चुके थे। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के रामगंगा विहार सद्भावना पार्क के पास किराए के मकान में अकेले रहते थे। पत्नी रीता शर्मा और दस वर्षीय बेटा रजत शर्मा लखनऊ के राजाजी पुरम में परिवार के साथ रहते हैं। शनिवार रात वह किसी काम से पीलीकोठी चौराहे की तरफ गए थे। वापस घर लौटते समय कांठ रोड गांधी आश्रम के पास ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। रविवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सिविल लाइंस इंस्पेक्टर रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपित ट्रक चालक दिनेश कुमार निवासी नीलोहा थाना मवाना जनपद मेरठ को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जेल भेज दिया गया।



