
अखिलेश,केजरीवाल की राह पर नीतीश,आईएनडीआईए गठबंधन में बिखराव तय: सुशील मोदी
पटना- 25 अक्टूबर। राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश विधानसभा की पांच सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर जदयू ने आईएनडीआईए गठबंधन के बिखराव पर मोहर लगा दी। बुधवार को बयान जारी कर मोदी ने कहा कि पहले केजरीवाल और अखिलेश यादव की पार्टियां अपने-अपने प्रभाव वाली सीटें कांग्रेस को देने से इनकार कर गठबंधन को झटका दे चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि विपक्षी एकता का अगुआ बनने का दावा करने वाले नीतीश कुमार ने केजरीवाल और अखिलेश यादव को मनाने के बजाय खुद उनकी राह थाम ली। मध्य प्रदेश में जदयू की जमानत जब्त होगी। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा फिर सत्ता में आयेगी और आईएनडीआईए गठबंधन के टूटने-बिखरने की प्रक्रिया तेज होगी।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में 18 साल से सत्ता में रहने के बाद भी भाजपा की लोकप्रियता बनी हुई है। राजस्थान में कांग्रेस गहलोत और सचिन पायलट के गुटों में बंटी हुई है। लोग कुशासन, भष्टाचार और तुष्टीकरण की नीति से निजात पाने के लिए भाजपा की ओर देख रहे हैं।



