
WEST BENGAL:- पार्षदों की हत्या के खिलाफ BJP का विधानसभा में हंगामा, फिर वाकआउट
कोलकाता- 14 मार्च। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस के पार्षदों की गोली मारकर हत्या के बाद राज्य में ढीली कानून व्यवस्था काे लेकर सोमवार को भाजपा विधायकों ने विधानसभा में हंगामा किया है। बाद में भाजपा ने सदन का वाकआउट किया।
सोमवार को विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भाजपा विधायकों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। भाजपा विधायक पार्षदों की हत्या के मामलों में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान की मांग कर रहे थे। भाजपा विधायकों ने पहले जमकर नारेबाजी की और उसके बाद वाकआउट किया है। भाजपा विधायकों का कहना था कि इस संबंध में गृह मंत्री के तौर पर ममता बनर्जी को बयान देना ही होगा। मुख्यमंत्री के पास ही राज्य के गृह मंत्रालय का भी प्रभार है। नारेबाजी के दौरान भाजपा विधायक अपने गले में पोस्टर लटकाए थे। जिसमें राज्य की कानून व्यवस्था की बदहाली के को लेकर नारे लिखे थे।
भाजपा नेता अग्निमित्र पॉल ने कहा कि जब राज्य में पार्षदों की हत्या हो रही है तो आम लोगों की सुरक्षा नहीं है। इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। हाई कोर्ट ने पहले ही कहा था कि यहां शासक का शासन है ना कि कानून का। ममता बनर्जी को इस बारे में बयान देना ही होगा।



