
VIP से बीजेपी में शामिल हुए तीनों विधायकों ने अध्यक्ष जेपी नड्डा से की मुलाकात
नई दिल्ली- 29 मार्च। मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) का दामन छोड़कर भाजपा में शामिल हुए तीनों विधायकों ने मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष डॉ.सजय जयसवाल के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से दिल्ली में मुलाकात की।भाजपा में शामिल हुए विधायकों में स्वर्ण सिंह, राजू सिंह और मिश्री लाल यादव की नड्डा से हुई मुलाकात के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।
बिहार में राज्य मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल होने वाला है, ऐसे में कयास लगाए जा रहै है कि नीतीश सरकार में खासकर भाजपा कोटे के मंत्रियों को बदला जा सकता है। इस दौरान वीआइपी छोड़कर भाजपा में आए विधायकों को मंत्रिमंडल में जगह दी जा सकती है।माना जा रहा है कि स्वर्ण सिंह, राजू सिंह और मिश्री लाल यादव में से किन्हीं एक को मंत्री बनाया जा सकता है। इसी को लेकर नड्डा से भी बातचीत होने की खबर है। हालांकि भाजपा नेताओं का कहना है कि विधायकों की नड्डा से हुई मुलाकात सिर्फ शिष्टाचार भेंट है। इसे लेकर कोई अन्य सियासी बात नहीं है, ना ही इस मुलाकात में मंत्री पद को लेकर चर्चा हुई है।
उल्लेखनीय है कि हाल के बिहार के सियासी घटनाक्रम में पहले मुकेश सहनी की पार्टी के तीनों विधायकों ने उनका दामन छोड़ा। फिर भाजपा ने उन्हें मंत्रिमंडल से हटाने के लिए सीएम नीतीश से आग्रह किया।चूकी सहनी को भाजपा कोटे के मंत्री के तौर पर ही शामिल किया गया था इसलिए सीएम नीतीश ने उन्हें मंत्रिमंडल से बाहर कर दिया।इस बीच, बोचहां हो रहे विधानसभा उपचुनाव में सहनी के उम्मीदवार को मात देने के लिए भी भाजपा ने कमर कस ली है। अब नड्डा से तीनों विधायकों की मुलाकात आने वाले समय में उन्हें ‘उपकृत’ करने का संकेत भी दे रहे हैं।



