
UP:- अमेठी में फर्जी प्रमाण पत्र से नौकरी पाने वाले पांच शिक्षकों की सेवा समाप्त
अमेठी- 25 मार्च। अमेठी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शुक्रवार को फर्जी शैक्षिक योग्यता व आधार कॉर्ड लगाकर नौकरी कर रहे पांच शिक्षकों की सेवा समाप्त कर दी है। साथ ही खंड शिक्षा अधिकारियों को दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश भी दिया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार पाठक ने बताया कि जिन शिक्षकों की सेवा समाप्त हुई है। उनमें अनुपम कुमार जो जामो के पूरे जिवनन्दन तिवारी स्कूल, भारतेंदु सिंह, बाजार शुकुल के पूरे बक्खतावर, अनुज कुमार सिंह, बाजार शुकुल के शेखपुर, कौशलेंद्र यादव, शुकुल के पूरे पाहा और श्याम राठौर के पिंडोरिया में सहायक अध्यापक शामिल हैं। अब इन सभी के विरुद्ध केस दर्ज कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जनपद में 16,648 सहायक अध्यापक भर्ती के अंतर्गत शिक्षक नियुक्त किए गए थे। इन शिक्षकों की शैक्षिक योग्यता और निवास के पते, आधार व पैन कॉर्ड का विभाग द्वारा सत्यापन कराया गया। जिसमें शिक्षक का प्रमाण पत्र अमेठी और फिरोजाबाद में कार्यरत मिला।
फर्जी शिक्षकों का दुर्भाग्य ही रहा कि जिले में आए बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार पाठक पहले फिरोजाबाद में ही तैनात थे। पूरा प्रकरण उनके संज्ञान में होने के कारण उन्होंने एक बार फिर से मामले का पुलिस वेरिफिकेशन कराया और फिरोजाबाद के जिलाधिकारी के माध्यम से भी जांच आख्या एकत्र की। अंतिम नोटिस जारी करते हुए सभी पांच शिक्षकों को अपना पक्ष रखने के लिए कहा था। लेकिन कोई भी शिक्षक हाजिर नहीं हुआ। इसके बाद उन सभी के खिलाफ कार्रवाई अमल में लायी गई है।



