
UP:- 23 जनवरी को मुरादाबाद में 39 केंद्रों पर संपन्न होगी यूपी टीईटी परीक्षा
मुरादाबाद- 18 जनवरी। उत्तर प्रदेश टीईटी-2021 मुरादाबाद में 23 जनवरी को 39 केंद्रों पर संपन्न होगी। पहली पाली प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से कक्षा 5 तक) सुबह 10 बजे से साढ़े 12 बजे तक। दूसरी पाली उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से कक्षा 8 तक) दोपहर ढाई बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ अरुण कुमार दुबे ने बताया कि सभी केंद्रों पर कोविड प्रोटोकॉल के अनुपालन में परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट व सेक्टर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी रहेगी।
डीआईओएस ने बताया कि पहली पाली की परीक्षा 39 केंद्रों पर, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा 29 केंद्रों पर संपन्न होगी। पहली पाली में पंजीकृत परीक्षार्थियों की संख्या 19862, जबकि दूसरी पाली में पंजीकृत परीक्षार्थियों की संख्या 14495 है। उन्होंने बताया कि परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 20 जनवरी को हिन्दू मॉडल इंटर कॉलेज में बैठक आयोजित होगी। बैठक में सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट व सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहेंगे।



