
UP:- आजमगढ़,सहारनपुर व अलीगढ़ राज्य विश्वविद्यालयों के अंतरिम कुलपति नियुक्त
लखनऊ-30 दिसम्बर। उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार को प्रदेश में बन रहे तीन नये राज्य विश्वविद्यालयों के लिए अंतरिम कुलपतियों की नियुक्ति कर दी। उच्च शिक्षा की अपर मुख्य सचिव मोनिका एस गर्ग ने इस संबंध में नियुक्ति आदेश भी जारी कर दिया है।
अपर मुख्य सचिव द्वारा जारी आदेश के अनुसार चैधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ के डिपार्टमेंट आफ जेनेटिक्स एण्ड प्लांट ब्रीडिंग के प्रोफेसर प्रदीप कुमार वर्मा को राज्य विश्वविद्यालय आजमगढ़ का अंतरिम (प्रथम) कुलपति नियुक्त किया गया है।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ के ही प्रो. हृदय शंकर सिंह को मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय सहारनपुर का अंतरिम (प्रथम) कुलपति बनाया गया है। इसी तरह गोरखपुर विश्वविद्यालय के ला विभाग के हेड प्रो. चन्द्रशेखर को राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय अलीगढ़ का अंतरिम (प्रथम) कुलपति नियुक्त किया गया है।
इन तीनों नियुक्तियों को राज्य की राज्यपाल द्वारा स्वीकृति प्रदान करने के बाद शासन द्वारा नियुक्ति आदेश जारी किया गया है।



