
UP:- बीजेपी जिन्ना एवं पाकिस्तान के नाम पर लगातार राजनीति कर रही : अबू आसिम आजमी
वाराणसी-21 नवम्बर। समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष व विधायक अबू आसिम आजमी ने रविवार को वाराणसी में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा हिंदू-मुसलमान के नाम पर देश को बांटने का काम कर रही है। सीएए व एनआरसी के नाम पर ये पार्टी मुसलमानों में खौंफ पैदा कर रही है। भाजपा जिन्ना व पाकिस्तान के नाम पर लगातार राजनीति करती आ रही है।
आजमी बेनियाबाग स्थित एक व्यावसायिक भवन के सभागार में समाजवादी युवजन सभा के परिवर्तन यात्रा कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तान गंगा जमुनी तहजीब वाला देश है। आजादी की लड़ाई हिंदू, मुसलिम, सिख, ईसाई ने मिलकर लड़ी थी।
आजमी ने कहा कि भाजपा सरकार दुनिया के किसी भी देश से आने वाले हिंदू को भारत में रहने की इजाजत दे रही है। वहीं, आजादी के समय भारत छोड़कर पाकिस्तान व अन्य देशों में जाने वाले मुसलमानों को अपने ही देश में आने की अनुमति नहीं है। यहीं, पत्रकारों से बातचीत में कृषि कानूनों के वापस लिए जाने से जुड़े सवाल पर आजमी ने कहा कि 11 महीने तक किसानों का आंदोलन चला इसमें 700 किसान शहीद हो गए। ये सरकार किसानों की बात सुनने को तैयार नहीं थी। प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में अपनी जमीन खिसकते देखी तो घुटने टेक कर किसानों की बात मान बिल वापस ले लिया। किसान भाजपा सरकार को कभी माफ नहीं करेगा। अब किसानों का वोट भाजपा को नहीं मिलेगा।
उन्होंने दावा किया कि 2022 विधानसभा चुनाव में सपा 400 सीट जीतेगी। प्रदेश में छिड़े ‘जिन्ना विवाद’ का जिक्र कर अबू आजमी ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेख यादव ने कभी भी जिन्ना की तारीफ नहीं की। वजह है जिन्ना के कारण ही आजादी के बाद देश के विभाजन का दंश झेलना पड़ा। तमाम मुसलिम भाइयों को देश छोड़कर पाकिस्तान जाना पड़ा। जबकि उनके पूर्वजों की कब्र भारत में है। सपा अध्यक्ष ने इतिहास बयान किया तो कौन सी इसमें बुरी बात है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन्ना या पाकिस्तान के नाम पर अब भाजपा को वोट मिलने वाला नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लगातार जिन्ना व पाकिस्तान के नाम पर राजनीति करती रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खुद अपने शपथ ग्रहण समारोह में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को आमंत्रण पत्र भेजा था। भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण अडवानी ने पाकिस्तान में जिन्ना के मकबरे पर न केवल फूल चढ़ाए थे बल्कि उन्होंने जिन्ना को धर्म निरपेक्ष भी बताया था। अब समझ है कि हिंदू-मुसलमान के नाम पर वोट की राजनीति कौन कर रहा है।
कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू के बयान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान बड़े भाई से जुड़े सवाल पर आजमी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बिरयानी खाने पाकिस्तान पहुंच जाते हैं। शुभकामना संदेश भेजते हैं। तब किसी को बुरा नहीं लगता है। एक साथ क्रिकेट खेलने वाले दो लोगों के प्यार से गले मिलने में क्या बुराई है। यदि इतना ही बुरा है तो भारत से लोगों का पाकिस्तान आना-जाना बंद करा दिया जाए। एक-दूसरे के देश में दूतावास भी बंद कर दे। परिवर्तन यात्रा में सभा के राष्ट्रीय सचिव जुबैर अंसारी, एमएलसी आशुतोष सिन्हा, जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा और अन्य नेता भी मौजूद रहे।



