
UP:- पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री को खून से लिखा पत्र
मुरादाबाद- 22 दिसम्बर। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने अपने खून से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप्र सरकार में पंचायतीराज मंत्री और प्रमुख सचिव उत्तर प्रदेश को पत्र लिखकर पुरानी पेंशन बहाली की मांग की है। सभी ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपने खून से पत्र लिखा। कर्मचारियों का कहना है कि अगर सरकार हमारी पुरानी पेंशन बहाल नहीं करती है, तो 2022 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश सरकार को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
बुधवार को उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले पुरानी पेंशन बहाली को लेकर सभी उत्तर प्रदेश कर्मचारी मांग कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ ने भी पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। साथ ही ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने अपना खून निकलवाकर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, पंचायतीराज मंत्री और प्रमुख सचिव को खून से खत लिखकर पुरानी पेंशन बहाली की मांग की।
उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिला महामंत्री मुकेश कुमार वाल्मीकि ने कहा कि कलेक्ट्रेट पर शांतिपूर्ण तरीके से हम धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। हमारा मकसद सरकार को शांतिपूर्ण रूप से अपनी मांग को एक संदेश के रूप में देना है। इसीलिए हमने अपने खून से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, पंचायती राज मंत्री और प्रमुख सचिव को खत लिखा है। पुरानी पेंशन हम लोगों की जो बुढ़ापे की लाठी है, उसे बहाल कर दिया जाए।
संघ के जिला अध्यक्ष अकबर हुसैन ने कहा कि संसद और विधानसभा के सांसदों और विधायकों को सांसद, विधायक एक बार चुनने के बाद आजीवन पेंशन पाते हैं। जो हम लोग सफाई कर्मचारी राज्य कर्मचारी हैं। 60 साल अपनी जिंदगी के सरकार को दे देते हैं फिर भी हम लोगों को पेंशन से वंचित किया जा रहा है। अगर पुरानी पेंशन बहाली नहीं होती है तो आगामी 2022 के उप्र विधानसभा चुनाव में इसका गुस्सा दिखा देंगे।



