
MADHUBANI:- दीप में वासंती दुर्गा पूजा पर युवाओं की अनूठी पहल, गूंजा स्तोत्र गायन और शंखनाद
मधुबनी- 26 मार्च। जिले के लखनौर प्रखंड के दीप गांव स्थित वासंती दुर्गा पूजा स्थल पर सनातन वैदिक गुरुकुल ज्योतिर्वेद विज्ञान संस्थान के तत्वावधान में स्तोत्र गायन एवं शंखनाद का विशेष आयोजन किया गया। युवा पीढ़ी को संस्कृत, सनातन संस्कृति एवं धर्म के संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ऋषभ मिश्रा व प्रणव मिश्रा द्वारा प्रस्तुत सामूहिक स्तोत्र गायन एवं शंख वादन ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा वातावरण भक्ति रस से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ वासंती दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष तृप्ति नारायण चौधरी व समाजसेवी भागीरथ ठाकुर द्वारा सम्मान समारोह के साथ किया गया। लोगों ने इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। ज्योतिर्वेद विज्ञान संस्थान के निदेशक डॉ. राजनाथ झा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन गुरुकुल शिक्षा प्रणाली को सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होंगे। विद्यार्थियों में पारंपरिक ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ेगी। उसे आधुनिक संदर्भों में विकसित करने का मार्ग प्रशस्त होगा। समाजसेवी भागीरथ ठाकुर ने कहा कि मिथिला की सांस्कृतिक परंपराएं अत्यंत समृद्ध हैं, जिन्हें संरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है। इस प्रकार का आयोजन समाज को एक नई दिशा देते हैं। सांस्कृतिक चेतना को जागृत करता हैं। जदयू प्रखंड अध्यक्ष शशिकांत चौधरी ने कहा कि युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के लिए इस तरह के कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं। इससे समाज में सकारात्मक सोच का विकास होता है और सांस्कृतिक एकता को बल मिलता है। सीता लखन एग्रोटेक के निदेशक शक्तिनाथ झा ने कहा कि आधुनिक युग में परंपरा और प्रौद्योगिकी के बीच संतुलन बनाना आवश्यक है।
गुरुकुल की यह पहल युवाओं को सांस्कृतिक रूप से समृद्ध करने के साथ-साथ उन्हें नए अवसरों की ओर भी प्रेरित करेगी।संयोजक डॉ. राघव नाथ झा ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना तथा उन्हें संस्कृत एवं परंपराओं के प्रति प्रेरित करना है। आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन युवाओं को नई ऊर्जा व सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। ‘इंटरनेशनल बिजनेस स्टार्टअप हेरिटेज एंड कल्चर’ के माध्यम से युवाओं में सांस्कृतिक मूल्यों के साथ-साथ आधुनिक दृष्टिकोण के विकास का प्रयास किया जा रहा है। जिससे गुरुकुल शिक्षा प्रणाली को रोजगारमुखी एवं व्यावहारिक स्वरूप दिया जा सके।
कार्यक्रम में शभूनाथ झा, उदयनाथ झा, गुरुकुल शिक्षक अभिनव मिश्रा, मोहन पांडेय, रामाशीष चौधरी, संजय कामत, जदयू प्रखंड अध्यक्ष शशिकांत चौधरी, सीता लखन एग्रोटेक के निदेशक शक्तिनाथ झा, निखिल मिश्रा, रूपकांत झा, अजय मिश्रा, सरोज कुमार, अमित कुमार, अजीत कुमार, अजय कुमार, श्यामदेव, मृत्युंजय एवं कमलेश सहित अन्य गणमान्य ने हिस्सा लिया।



