
NEPAL:- ओली को दोषी ठहराया गया तो कड़ा विरोध करने की यूएमएल की चेतावनी
काठमांडू- 14 मार्च। नेपाल की प्रमुख राजनीतिक पार्टी नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (यूएमएल) ने कहा है कि 8 सितंबर 2025 को हुई घटनाओं के लिए पार्टी अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को जिम्मेदार ठहराया गया टॉनिक खिलाफ देशव्यापी विरोध किया जाएगा।
शनिवार को पार्टी सचिवालय की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय सचिव महेश बस्नेत ने कहा कि उन घटनाओं की जांच के लिए गठित आयोग के पास ओली को आरोपित करने के लिए पर्याप्त प्रमाण नहीं हैं। यह जांच आयोग पूर्व न्यायाधीश गौरी बहादुर कार्की के नेतृत्व में बनाया गया था।
बस्नेत ने कहा, “हमारे पार्टी अध्यक्ष को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। इसके लिए कोई ठोस आधार मौजूद नहीं है। यदि आयोग उन्हें दोषी ठहराता है, तो यह स्पष्ट रूप से पक्षपातपूर्ण रवैया माना जाएगा।”
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि ओली को इन घटनाओं के लिए जिम्मेदार ठहराया गया, तो इससे देश में गंभीर राजनीतिक तनाव और टकराव की स्थिति पैदा हो सकती है। बस्नेत का दावा है कि जनता भी ऐसे कदम का कड़ा विरोध करेगी।
उन्होंने आगे कहा कि यदि सरकार किसी प्रकार की “अन्यायपूर्ण कार्रवाई” करने की कोशिश करती है, तो पार्टी चुप नहीं बैठेगी और पार्टी उसके खिलाफ कड़ा रुख अपनाएगी।
सितंबर 2025 की घटनाओं की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद नेपाल की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप और राजनीतिक टकराव और तेज होने की संभावना है, क्योंकि विभिन्न दल इस मुद्दे पर अलग-अलग रुख अपना रहे हैं।



