
मधुबनी शहर से हुए चोरी वारदात का खुलासा, नाबालिग चोर हिरासत में, बाइक व सामग्री बरामद
मधुबनी- 09 मार्च। नगर थाना पुलिस ने शहर के वार्ड नंबर 14 शंकर चौक स्थित एक घर में हुई बड़ी चोरी की घटना का सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सोनारपट्टी इलाके से एक विधि विरुद्ध बालक (किशोर) को अभिरक्षा में लिया है। पकड़े गए किशोर के पास से चोरी किए गए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, बीते 25 फरवरी को नगर थाना क्षेत्र के शंकर चौक निवासी ध्रुव नारायण चौधरी के घर में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर भारी मात्रा में आभूषण और कीमती सामान उड़ा लिया था। हालांकि, पीड़ित परिवार द्वारा इस घटना की आधिकारिक सूचना नगर थाना को 6 मार्च को दी गई। विलंब से सूचना मिलने के बावजूद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कांड संख्या 113/26 दर्ज कर जांच शुरू की। नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय आसूचना संकलन का सहारा लिया। निरंतर की जा रही छापेमारी के दौरान पुलिस सोनारपट्टी पहुंची, जहाँ से एक किशोर को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान किशोर ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली और उसकी निशानदेही पर चोरी का माल बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से बरामदगी की जो सूची साझा की है, वह काफी लंबी है। जिसमें नकदी 66,500 रुपये,
दो सोने की चेन, दो मंगलसूत्र, एक पीस झुमका, सोने का सिक्का, दो अंगूठी और 1 ईयर रिंग,सात जोड़ी पायल, 24 सिक्के, 8 जोड़ी बिंदिया और 1 चांदी का चाबी रिंग 1 मोटरसाइकिल और 2 महंगे आईफोन बरामद हुआ। नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि बरामद सामानों को विधिवत जब्त कर लिया गया है और विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इस संगठित चोरी में अन्य अपराधी भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस टीम अब उन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।



