
अभी महंगी गैस खरीदने का दर्द, भविष्य में बड़ा लाभ देगा: अमेरिका
वाशिंगटन- 13 मार्च। पश्चिम एशिया में ईरान के खिलाफ अमेरिका-इज़राइल के युद्ध के कारण गैस की बढ़ती कीमतों के बीच अमेरिकी ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट ने अपने देशवासियों से कहा है कि वर्तमान में गैस की महंगी कीमत देने का त्याग, भविष्य में उन्हें स्थायी लाभ देगा।
क्रिस राइट ने सीएनएन के साथ एक इंटरव्यू में अपने देशवासियों से कहा, “अभी आप जो ज़्यादा गैस की कीमतें चुका रहे हैं, वह एक ऐसा त्याग है जो आपको करना होगा और आखिर में इसका फ़ायदा मिलेगा।” राइट ने कहा, “हम इस इलाके में अमेरिकी सैनिकों, उसके साथियों, उसके पड़ोसियों और ग्लोबल एनर्जी मार्केट को खतरे में डालने की ईरान की क्षमता को लगातार कमज़ोर कर रहे हैं।…तो, हाँ, लंबे समय की समस्या को हल करने के लिए आपको थोड़े समय के दर्द से गुज़रना होगा। यह राष्ट्रपति ट्रंप का हिम्मत वाला नेतृत्व है। दुनिया को आज इसी की ज़रूरत है।”
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर के प्रवक्ता इब्राहिम ज़ोल्फ़कारी ने एक दिन पहले कहा था कि दुनिया को 200 डॉलर प्रति बैरल की कीमत पर तेल के लिए तैयार रहना चाहिए, जो इसकी अभी की कीमत से दोगुना है।
राइट ने सीएनएन से बातचीत में कच्चे तेल की कीमत 200 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचने की संभावना से इन्कार किया लेकिन उन्होंने यह अंदाज़ा लगाने से मना कर दिया कि तेल और गैस की कीमतें कितनी बढ़ सकती हैं।
इसबीच अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी ने कहा है कि ईरान के जहाजों पर हमले बढ़ाने के कारण दुनिया “वैश्विक तेल बाज़ार के इतिहास में आपूर्ति में सबसे बड़ी रुकावट” का सामना कर रही है। आपात भंडारण से 40 करोड़ बैरल तेल जारी किये जाने के बावजूद बाज़ार में कच्चे तेल की कीमतें कम नहीं हुईं।



