
TET मामले में IAS अधिकारी गिरफ्तार
मुंबई- 29 जनवरी। पुणे में पुलिस ने शनिवार को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) घोटाला मामले में आईएएस अधिकारी सुशील खोडवेकर को गिरफ्तार कर लिया। पुणे की शिवाजीनगर सेशन कोर्ट ने सुशील खोडवेकर को 31 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इस मामले की गहन छानबीन जारी है। सुशील खोडवेकर को पुणे पुलिस ने शनिवार को ठाणे से गिरफ्तार किया । इसके बाद उन्हें पुणे स्थित शिवाजी नगर सेशन कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने सुशील खोडवेकर को 31 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।
पुणे पुलिस आयुक्त अमिताभ गुप्ता के अनुसार वर्ष 2019-20 में हुई शिक्षक पात्रता परीक्षा में हुई घोटाला की शिकायत मिलने के बाद इस मामले की जांच की जा रही है। मामले में अब तक शिक्षण परिषद के आयुक्त तुकाराम सुपे, शिक्षा विभाग के तकनीकी सलाहकार अभिषेक सावरीकर, जी.ए. साफ्टवेयर टेक्नोलॉजी कंपनी के संचालक डॉ. प्रीतीश देशमुख, पूर्व शिक्षा संचालक अश्विनी कुमार, पूर्व आयुक्त सुखदेव ढ़ेरे सहित 35 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
अब तक हुई जांच में पता चला है कि शिक्षक पात्रता परीक्षा मामले में 7 हजार 800 अपात्र उम्मीदवारों को पात्र ठहराया गया था। इस मामले में अपात्र उम्मीदवारों से एक लाख रुपये ढाई लाख रुपये वसूले जाने की जानकारी पुलिस को मिली है। पुणे पुलिस ने इन आरोपितों के पास से करोड़ों रुपये नकद तथा भारी मात्रा में सोना और गहने आदि बरामद किया है। इस मामले में अपात्र उम्मीदवारों से एक लाख से ढाई लाख रुपये वसूले जाने की जानकारी पुलिस को मिली है।



