स्पोर्ट्स

T-20 विश्व कप: वेस्टइंडीज ने इटली को 42 रन से हराया, सुपर-8 में प्रवेश

कोलकाता- 19 फरवरी। आईसीसी टी-20 विश्व कप 2026 में वेस्टइंडीज ने अपने अंतिम ग्रुप मुकाबले में इटली को 42 रन से हराकर सुपर-8 में अजेय रहते हुए प्रवेश किया। ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 165/6 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया और जवाब में इटली की टीम को 18 ओवर में 123 रन पर समेट दिया।

तेज गेंदबाज शमार जोसेफ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके, जबकि मैथ्यू फोर्डे ने तीन सफलताएं हासिल कीं।

होप की कप्तानी पारी—

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ओपनर ब्रेंडन किंग पारी की सातवीं गेंद पर आउट हो गए, जबकि शिमरॉन हेटमायर भी केवल एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। पावरप्ले के अंत तक टीम का स्कोर 48/2 था।

इसके बाद कप्तान शाई होप ने जिम्मेदारी संभाली और रोस्टन चेज के साथ 64 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। चेज 24 रन बनाकर आउट हुए। होप ने मात्र 28 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 46 गेंदों में 75 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें छह चौके और चार छक्के शामिल रहे।

अंतिम ओवरों में शेरफेन रदरफोर्ड (24* रन, 15 गेंद) और मैथ्यू फोर्डे (16 रन, 8 गेंद) ने 14 गेंदों में 28 रन जोड़कर टीम को 165/6 तक पहुंचाया।

इटली की लड़खड़ाती पारी—

166 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटली की शुरुआत बेहद खराब रही। जस्टिन मोस्का 2 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि एंथनी मोस्का 19 रन (एक चौका, दो छक्के) बनाकर चलते बने। पावरप्ले के अंत तक टीम 37/3 के स्कोर पर संघर्ष कर रही थी।

जेजे स्मट्स (24 रन) और बेन मनेन्ती (26 रन) ने कुछ देर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। ग्रांट स्टीवर्ट ने 12 रन बनाए, पर टीम बड़ा साझेदारी नहीं बना सकी।

जोसेफ-फोर्डे की घातक गेंदबाजी—

शमार जोसेफ ने 4 ओवर में 30 रन देकर चार विकेट लेकर इटली की कमर तोड़ दी। मैथ्यू फोर्डे ने 3/25 के आंकड़े दर्ज किए, जबकि गुडाकेश मोती ने दो और अकील हुसैन ने एक विकेट लिया।

इटली की पूरी टीम 18 ओवर में 123 रन पर सिमट गई और वेस्टइंडीज ने 42 रन से जीत दर्ज कर सुपर-8 में दमदार एंट्री की।

संक्षिप्त स्कोर:—

वेस्टइंडीज 165/6 (20 ओवर) — शाई होप 75, रोस्टन चेज 24, शेरफेन रदरफोर्ड 24*; क्रिशन कालुगमागे 2/24, बेन मनेन्ती 2/37।

इटली 123 ऑलआउट (18 ओवर) — बेन मनेन्ती 26, जेजे स्मट्स 24; शमार जोसेफ 4/30, मैथ्यू फोर्डे 3/25, गुडाकेश मोती 2/24।

वेस्टइंडीज 42 रन से विजयी।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button