विश्व

मेक्सिको में ड्रग माफिया एल मेंचो की मौत के बाद हालात बिगड़े, अमेरिका और कनाडा ने नागरिकों के लिए जारी किया परामर्श, उड़ानें रद्द

वाशिंगटन- 23 फरवरी। मेक्सिको के कुख्यात ड्रग माफिया और जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (सीजेएनजी) के सरगना नेमेसियो ‘एल मेंचो’ ओसेगुएरा सर्वेंटेस के रविवार को सैन्य अभियान मारे जाने के बाद हिंसा फैल गई है। बिगड़े हालात को देखते हुए अमेरिका और कनाडा अपने नागरिकों के लिए परामर्श जारी करते हुए उन्हें सुरक्षित जगहों पर रहने यानी ‘शेल्टर-इन-प्लेस’ की सलाह दी है।

सीएनएन, सीबीएस और फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट में अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया गया कि हिंसा के कारण ग्वाडलहारा और प्यूर्टो वालार्टा जैसे बड़े शहरों में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। प्यूर्टो वालार्टा में टैक्सी और राइड-शेयर सेवाएं भी बंद कर दी गईं। कई व्यवसायों ने अस्थायी रूप से काम रोक दिया है।

अमेरिका ने खास तौर पर जलिस्को, तमाउलिपास, मिचोआकान, गुरेरो और न्यूवो लियोन राज्यों में मौजूद अपने नागरिकों और सरकारी कर्मचारियों को सतर्क रहने, भीड़ से दूर रहने, गैरजरूरी यात्रा न करने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा है।

दरअसल, मेक्सिको की सेना ने रविवार को जलिस्को राज्य के तापाल्पा इलाके में एक बड़े ऑपरेशन के दौरान 59 वर्षीय एल मेंचो को घेर लिया था। इस दौरान मुठभेड़ में चार कार्टेल सदस्य मौके पर मारे गए। एल मेंचो गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। इस ऑपरेशन में मेक्सिको के तीन सैनिक भी घायल हुए।

अमेरिका को एल मेंचो की लंबे समय से तलाश थी। अमेरिका ने उसकी गिरफ्तारी की जानकारी देने पर 15 मिलियन डॉलर (करीब 125 करोड़ रुपये) का इनाम घोषित था। उसकी मौत के बाद कार्टेल से जुड़े संदिग्ध लोगों ने कई जगह बसों में आग लगा दी।सड़कों को जाम कर दिया और सुरक्षा बलों से झड़पें कीं। इससे पूरे इलाके में तनाव फैल गया है।

हिंसा के बाद अमेरिकन एयरलाइंस और एयर कनाडा समेत कई एयरलाइंस ने प्यूर्टो वालार्टा के लिए उड़ानें रोक दीं। इससे कुछ पर्यटक कुछ समय तक फंसे रहे। अमेरिका के डिपार्टमेंट के कॉन्सुलर अफेयर्स सेक्शन के एक्स पर जारी एक बयान में कहा गया, “मेक्सिको के कई इलाकों में चल रहे बड़े पैमाने पर सिक्योरिटी ऑपरेशन और उससे जुड़ी रोड ब्लॉक और क्रिमिनल एक्टिविटी की वजह से नागरिकों को अगली सूचना तक सुरक्षित जगह पर रहना चाहिए।” इसमें कहा गया, “रोड ब्लॉक की वजह से एयरलाइन ऑपरेशन पर असर पड़ा है। ग्वाडलहारा और प्यूर्टो वालार्टा दोनों में कुछ डोमेस्टिक और इंटरनेशनल फ्लाइट रद्द कर दी गई हैं।”

कनाडा ने कहा कि वह हालात पर करीब से नजर रख रहा है। कनाडा ने मेक्सिको में रह रहे अपने नागरिकों को सलाह दी कि वे “लो प्रोफाइल रहें और स्थानीय अधिकारियों की सलाह मानें।” उधर, अमेरिकी कैरियर यूनाइटेड, अमेरिकन, साउथवेस्ट और अलास्का, साथ ही कनाडाई एयरलाइन एयर कनाडा और वेस्टजेट/सनविंग ने प्यूर्टो वालार्टा, ग्वाडलहारा और मंजानिलो के लिए फ़्लाइट रद्द करने की घोषणा की।

कई एयरलाइंस ने कहा कि मेक्सिको के रास्ते में ही कुछ फ्लाइट को वापस लौटना पड़ा। साउथवेस्ट ने कहा कि हालात सामान्य होने पर वह अपने फंसे हुए यात्रियों और स्टाफ़ को वापस लाने के लिए मेक्सिको में विमान भेजेगा। इस बीच मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने एल मेंचो के खिलाफ सैन्य अभियान में शामिल एजेंसियों के काम की तारीफ की है। उन्होंने कहा, ”हम हर दिन मेक्सिको की शांति, सुरक्षा, न्याय और भलाई के लिए काम करते हैं।”

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button