
गांवों में भी ऐसी क्षमता, जहां से देश के लिए लाखों योग्य नागरिक किए जा सकते हैं तैयार: सिंधिया
अशेाक नगर- 04 अप्रैल। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियानों से गांव-गांव तक शिक्षा पहुंच रही है, जिससे बच्चों का भविष्य उज्ज्वल हो रहा है। गांवों में भी ऐसी क्षमता है, जहां से देश के लिए लाखों योग्य और सशक्त नागरिक तैयार किए जा सकते हैं।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया शनिवार को मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के ग्राम कचनार के पीएमश्री शासकीय माध्यमिक विद्यालय में स्कूल चलें हम अभियान अंतर्गत प्रवेशोत्सव कार्यक्रम 2026 में शामिल होकर बच्चों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने स्कूली छात्र-छात्राओं को पुस्तकों का वितरण भी किया। उन्होंने बच्चों और अभिभावकों को शिक्षा और स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जागरूक किया।
इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे विकास का उल्लेख किया। उन्होंने ग्वालियर स्थित गजरा राजमेडिकल कॉलेज का उदाहरण देते हुए बताया गया कि कैसे वर्षों पहले स्थापित इस संस्थान ने हजारों डॉक्टर तैयार किए, जो आज देश-विदेश में सेवाएं दे रहे हैं।
उन्होंने कार्यक्रम में बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा गया कि शिक्षा ही सफलता की कुंजी है और एक अच्छी किताब कई दोस्तों के बराबर होती है, जबकि एक अच्छा दोस्त पूरे पुस्तकालय के समान होता है। उन्होंने सभी नवप्रवेशित छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा गया कि आने वाले 25-26 वर्षों में यही बच्चे देश की ताकत बनेंगे और भारत के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करेंगे।
कार्यक्रम में विधायक बृजेन्द्र सिंह यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक तिवारी, पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी, लड्डूराम कोरी, जिला पंचायत सदस्य शीला जाटव, कलेक्टर साकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण उपस्थित रहे।
सिंधिया ने किया संयुक्त तहसील कार्यालय भवन अशोकनगर का लोकार्पण
केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री सिंधिया ने शनिवार को जिला मुख्यालय अशोकनगर स्थित 795.82 लाख रुपये से बने नवनिर्मित संयुक्त तहसील कार्यालय भवन अशोकनगर का लोकार्पण कर आमजन के लिए समर्पित किया। संयुक्त तहसील भवन के बन जाने से आमजन के राजस्व कार्यो में गति आएंगे, साथ ही कार्यालय में बेहतर सुविधाएं आमजन को मिल सकेगी।
नवीन जिला चिकित्सालय के निर्माणाधीन स्थल का किया निरीक्षण
केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा शनिवार को ग्राम बरखेडी स्थित बनने वाले नवीन जिला चिकित्सालय के निर्माणाधीन कार्यो का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल के किये जा रहे कार्यो एवं नक्शा का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।



