
SBI के उप प्रबंध निदेशक द्वारा सामाजिक सेवा बैंकिंग कार्य संपन्न
पटना- 14 अक्टूबर। भारतीय स्टेट बैंक,स्थानीय प्रधान कार्यालय पटना ने शुक्रवार को पटना के दो विभिन्न संस्थानों आर्य कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, नया टोला एवं संजय गांधी जैविक उद्यान में सामाजिक सेवा बैंकिंग का कार्य संपन्न किया। बैंक के कॉरपोरेट केंद्र,मुंबई से पधारे उप प्रबंध निदेशक ओम प्रकाश मिश्र की उपस्थिती में उक्त दोनों संस्थानों में औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
उल्लेखनीय है कि भारतीय स्टेट बैंक अपने कॉरपोरेट नीति के तहत संपूर्ण भारत में वित्तीय वर्ष 2022-23 के दौरान चुनिंदा स्कूलों को ट्रांसफार्म करने का संकल्प लिया है। इसी क्रम में उप प्रबंध निदेशक श्री मिश्र के नेतृत्व में भारतीय स्टेट बैंक,पटना मंडल के मुख्य महाप्रबंधक सुरेन्दर राणा की टीम ने स्कूल ट्रांसफार्मेशन के कार्य का शुभारंभ किया। श्री मिश्र ने स्कूल के छात्राओं को संबोधित भी किया तथा उनके बीच ताजे फल एवं चॉकलेट वितरित किए। स्कूल ट्रांसफार्मेशन कार्यक्रम के तहत बैंक द्वारा विद्यालय में परिसर के दीवारों की पेंटिंग,स्मार्ट क्लास–सह-कंप्यूटर कक्ष की स्थापना,साईंस लैब की स्थापना,शुद्ध पेय जल के लिए यूवी प्यूरिफायर का इन्स्टोलेशन,सैनिटरी नैपकिन डिसपेंसर का इन्स्टोलेशन एवं टॉयलेट नवीकरण का कार्य संपन्न कराया गया। इस अवसर पर उप प्रबंध निदेशक श्री मिश्र ने स्मार्ट क्लास सह कंप्यूटर कक्ष एवं साइंस लैब का उद्घाटन भी किया।
सामाजिक सेवा बैंकिंग के दूसरे कार्यक्रम के अंतर्गत भारतीय स्टेट बैंक ने पटना के संजय गांधी जैविक उद्यान के बाघ के बच्चों,लोमड़ी,हिमालयन बीयर एवं जिराफ आदि पशुओं को एक वर्ष के लिए गोद लिया। इन पशुओं पर एक वर्ष में होने वाले व्यय की राशि हेतु उप प्रबंध निदेशक श्री मिश्र ने 8,56,000/- रु का चेक उद्यान के कार्यपालकों को सुपुर्द किया। उद्यान एवं आर्य कन्या विद्यालय दोनों परिसरों में बैंक अधिकारियों द्वारा पर्यावरण बचाव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौध रोपण किया गया।



