
SAHARSA:- सुरेंद्र यादव हत्या मामले में पति-पत्नी गिरफ्तार
सहरसा- 04 मई। गत 30 अप्रैल की रात जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत डरहार ओपी क्षेत्र के गढ़िया लोहार गांव निवासी राजेंद्र यादव के पुत्र सुरेंद्र यादव की मकई खेत में हुई हत्या मामले का उद्भेदन कर लिया गया है। उक्त मामले में मुख्य अपराधी महिला देवकी देवी तथा उनके पति सुधीर चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार अपराधी के पास से मृतक का मोबाइल , उनका एटीएम कार्ड , पैन कार्ड , आधार कार्ड और मोबाइल चार्जर भी बरामद हुआ है।
एसपी लिपि सिंह ने बताया कि हत्या की घटना के बाद मृतक ससुर के लिखित आवेदन पर डरहार ओपी कांड संख्या – 85/22 दर्ज किया गया था। कांड में अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रशिक्षु डीएसपी निशिकांत भारती के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था। जिसमें सदर थाना अध्यक्ष सुधाकर कुमार,इंस्पेक्टर राजमणि,डरहार ओपी अध्यक्ष संजीव कुमार को शामिल किया गया था। उक्त टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारी ने तकनीकी शाखा के सहयोग से छापामार कर मृतक के सामान के साथ दो मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। जिनमें जिले के महिषी थाना क्षेत्र के सनाखा गांव निवासी घूरन चौधरी के पुत्र सुधीर चौधरी एवं सुधीर चौधरी की पत्नी देवकी देवी की गिरफ्तारी हुई है। जिनके घर की तलाशी लिए जाने पर उनके घर में रखे ट्रंक से मृतक का पैन कार्ड,आधार कार्ड,एटीएम कार्ड एवं मृतक का मोबाइल और उसका चार्जर को बरामद किया गया है।
एसपी ने बताया कि मृतक का अवैध संबंध सुधीर चौधरी की पत्नी देवकी देवी से चल रहा था। जिसकी जानकारी सुधीर चौधरी को लगी। जिसके बाद दोनों पति-पत्नी ने साजिश रच कर सुरेंद्र यादव को बुलवाया। जहां उनकी हत्या कर दी गई थी। हत्या में दोनों पति पत्नी सम्मिलित रूप से शामिल रहे।



