
RJD ने बिहार एनडीए को बताया केंकड़ों का झुंड
पटना- 18 जनवरी। बिहार के मुख्यमंत्री इन दिनों कई मुद्दे पर घिरते नजर आ रहे हैं। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही पार्टियाें की ओर से उनपर लगातार सवाल दागे जा रहे हैं। शराबबंदी, जातीय जनगणना और यूपी विधानसभा चुनाव जैसे मुद्दों पर भाजपा की ओर से जदयू के खिलाफ बयानबाजी जारी है। भाजपा-जदयू के बीच चल रहे वाकयुद्ध पर राजद भी मजे लेने में पीछे नहीं है ।
राजद ने बिहार एनडीए के घटक दलों पर निशाना साधते हुए आज ट्वीट किया है । राजद ने ट्वीट कर कहा है – बिहार एनडीए केंकड़ों के झुंड की तरह है जो लगातार एक दूसरे से गुत्थमगुत्था करते रहेंगे, लड़ते रहेंगे, एक दूसरे की टाँग खींचते रहेंगे पर आपसी स्वार्थ के लिए एक ही टोकरे में पड़े रहेंगे । ना बिहार हित में किसी विषय पर आगे बढ़ेंगे और ना ही बिहार को आगे बढ़ने देंगे। इसके साथ राजद ने एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें कुछ केंकड़े नजर आ रहे हैं। राजद ने बिहार में एनडीए गठबंधन को सिर्फ सत्ता के लिए साथ में बने रहने वाला समूह कहा है।
एक अन्य ट्वीट में राजद ने शराबबंदी कानून पर भाजपा और जदयू को घेरा है। राजद ने दोनों दलों पर निशाना साधते हुए शराब के अवैध कारोबार का साझीदार कहा है। राजद ने कहा कि बीजेपी-जदयू में अवैध शराब से हो रही कमाई को लेकर ठन गई है। असली विवाद यही है। बाकी सब बहानेबाजी है।



