
RBI ने केवाईसी अपडेट करने की समय सीमा 31 मार्च तक बढ़ाई
नई दिल्ली- 30 दिसंबर। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रोन को लेकर व्याप्त अनिश्चितता के बीच केवाईसी अपडेट करने की समय सीमा बढ़ा दी है। रिजर्व बैंक ने गुरुवार को कहा कि बैंकों और अन्य विनियमित संस्थानों के लिए नियमित तौर पर अपने ग्राहक को जानो (केवाईसी) को अपडेट करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर, 2021 से बढ़ाकर 31 मार्च 2022 तक कर दी गई है।
आरबीआई ने जारी बयान में कहा कि कोविड-19 के नए वैरिएंट ओमिक्रोन को लेकर नियमित तौर पर केवाईसी अपडेट करने और अनुपालन नहीं करने पर संबंधित खाते से लेन-देन पर पाबंदियों को लेकर मई में जारी परिपत्र की अवधि 31 मार्च, 2022 तक बढ़ाई जा रही है। आरबीआई ने वित्तीय संस्थानों को चालू वित्त वर्ष 2021-22 के अंत तक ग्राहकों के खिलाफ केवाईसी अपडेट करने के संबंध में कोई कार्रवाई नहीं करने की सलाह भी दी है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले रिजर्व बैंक ने कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर को देखते हुए विनियमित इकाइयों के लिए केवाईसी अपडेट करने की अंतिम तिथि दिसंबर, 2021 तक बढ़ाई थी। आरबीआई ने मई में विनियमित संस्थानों को दिसंबर के अंत तक केवाईसी अपडेट करने के मानदंडों का अनुपालन नहीं करने पर ग्राहकों के खिलाफ किसी प्रकार की कार्रवाई करने से मना किया था।



