
RANCHI:- खिलाड़ियों की एक झलक पाने को प्रशंसक रहे बेताब
रांची- 18 नवम्बर। भारत एवं न्यूजीलैंड के बीच रांची के जेएससीए स्टेडियम में खेले जाने वाले 19 नवम्बर को टी-20 मैच को लेकर दोनों टीमों के खिलाड़ी गुरुवार को रांची पहुंचे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए प्रशंसक बेताब दिखे। खिलाड़ियों के पहुंचने के पहले ही पूरा एयरपोर्ट परिसर छावनी में तब्दील कर दिया गया था। एयरपोर्ट पर प्रशंसकों को खिलाड़ियों ने हाथ हिलाकर उनका स्वागत किया।
रांची एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों टीमों को लग्जरी बसों से होटल रेडिशन ब्लू लाया गया। इसके पूर्व डॉग स्कॉयड टीम ने बसों और होटल की विशेष चेकिंग की थी। दोनों टीम के लिए अलग-अलग बसों की व्यवस्था एयरपोर्ट पर की गई थी। प्रशासन एस्कॉर्ट कर होटल तक टीम को ले गयी। एयरपोर्ट से सबसे पहले भारतीय टीम के ईशान किशन निकले। इसके बाद दोनों टीम के खिलाड़ी निकले। सड़क के दोनों ओर और विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात किये गये थे।
खिलाडिय़ों के होटल जाने के क्रम में कुछ देर के लिए ट्रैफिक को रोका गया। उनके जाने बाद ही ट्रैफिक को बहाल किया गया। एयरपोर्ट पर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। एयरपोर्ट पर खिलाडिय़ों को परेशानी न हो इसके लिए बड़े क्षेत्र तक बेरिकेडिंग भी की गई थी। भारत- न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के रांची पहुंचने से पहले राजधानी का रेडिशन ब्लू होटल के रोड को पुलिस प्रशासन ने सील कर दिया था। बेरिकेटिंग लगाकर लोगों को होटल के पास पहुंचने से रोका जा रहा था। सुरक्षा की दृष्टिकोण से झारखंड पुलिस के अधिकारी और जवानों को तैनात किया गया है।
उल्लेखनीय है कि बायो बबल के कारण रेडिशन ब्लू होटल के रोड को सील किया गया है। मीडिया को भी होटल के पास आने से रोका गया। 50 फीट की दूरी से पत्रकारों को तस्वीर लेने को कहा गया। साथ ही बेरिकेटिंग को कोई पार ना करे, इसको लेकर पुलिस की तैनाती की गयी थी। एयरपोर्ट पर भी बायो बबल सिस्टम तैयार किया गया था। एयरपोर्ट कैंपस से खेल प्रेमियों को दूर रखा गया। सिक्योरिटी प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।
मौके पर सिटी एसपी सौरव,महिला थाना प्रभारी ममता कुमारी, एयरपोर्ट थाना प्रभारी आनंद कुमार सहित सैकड़ों पुलिस कर्मी सुरक्षा में तैनात थे। मौके पर जेएससीए के उपाध्यक्ष अजय नाथ शहदेव ने कहा कि रांची में क्रिकेट के लिए बेहतर माहौल है। इस मैच में भारतीय टीम जीत प्राप्त करके रांचीवासियों को एक तोहफा देगी। उन्होंने बताया कि फुल कैपेसिटी के साथ मैदान में लोग पहुंचेंगे। कोरोना प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा। महामारी को देखते हुए दर्शकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
- सुरक्षा में 2500 जवान रहेंगे तैनात—
टी-20 मैच के सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किये गये है। सुरक्षा को लेकर 2500 जवानों को लगाया गया है। वहीं, दूसरी ओर पुलिस मुख्यालय की ओर से सुरक्षा को लेकर जैप एक के डीएसपी शिवेंद्र,आईआरबी पांच गुमला के डीएसपी अशोक कुमार सिंह, एसआईआरबी दो डीएसपी अनुदीप सिंह,आईआरबी तीन डीएसपी अरूण कुमार तिर्की, राम समद,आईआरबी 4 डीएसपी गंदरू उरांव,जैप 8 पलामू डीएसपी भूपेंद्र राउत,दीपक कुमार, जैप 10 डीएसपी हेलेन सोय,सुमन गिनी नाग शामिल हैं।
अधिकारियों को 20 नवंबर तक के लिए रांची जिला में पदस्थापित किया गया है। साथ ही तीन आईपीएस की भी प्रतिनियुक्ति की गयी है। एसएसपी सुरेन्द्र कुमार झा लगातार सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे है। एसएसपी ने कहा कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये है। होटल से स्टेडियम तक पुलिस बलों की तैनाती की गयी है।
मौसम रहेगा साफ—
राजधानी रांची में 19 नवंबर को जेएससीए स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 मैच खेला जाना है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने टी-20 मैच में मौसम का प्रभाव नहीं पड़ने की संभावना जताई है। इस दौरान मौसम शुष्क रहेगा और निचले स्तर के बादल छाए हुए रहेंगे और क्रिकेट मैच के लिए मौसम अनुकूल रहेगा।



