क्राइम

RAJESTHAN:- रामदेवरा जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रेलर ने मारी टक्कर, चार की मौत

पाली- 20 अगस्त। राजस्थान में पाली जिले के सुमेरपुर स्थित शिवंगज-सिरोही सड़क मार्ग पर शुक्रवार की रात जैसलमेर के रामदेवरा दर्शन करने जा रहे जातरुओं (श्रद्धालुओं) से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को एक ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में चार जातरुओं की मौत हो गई जबकि 11 से अधिक घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को शिवगंज (सिरोही) और सुमेरपुर (पाली) सीएचसी में भर्ती कराया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला से शोक जताया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया कि राजस्थान के पाली में हुआ हादसा दिल दहला देने वाला है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

इसके अलावा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ सतीश पूनियां एवं सिरोही विधायक संयम लोढ़ा ने ट्वीट कर संवेदना प्रकट की है।

हादसा शुक्रवार रात करीब पौने नौ बजे पाली जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के शिवगंज-सिरोही बाईपास पर हुआ। ट्रॉली में करीब 25 लोग सवार थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली सिरोही की ओर से आ रही थी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रॉली में सवार सभी जातरू उछलकर सड़क पर जा गिरे।

सीओ सुमेरपुर रजत विश्नोई ने बताया कि शुक्रवार सुबह सुमेरपुर हाईवे पर एक हादसा हो गया था। इस हादसे में एक चालक की मौत हो गई थी। इस दौरान हाईवे पर जाम लग गया था। ऐसे में इस हाईवे को वन-वे किया हुआ था। इसी हाईवे पर रात में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में जातरू सवार होकर अम्बाजी गुजरात से रामदेवरा जा रहे थे। ट्रॉली में 25 से अधिक जातरू सवार थे। जातरुओं को सामने से आ रहे एक ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। इनमें तीन युवक और एक बच्चा शामिल है, जबकि 11 से ज्यादा घायल हो गए हैं। इनमें सुमेरपुर हॉस्पिटल में तीन, भगवान महावीर हॉस्पिटल में छह घायल भर्ती हैं जबकि दो घायलों को पाली रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि शिवगंज और सुमेरपुर के मृतकों की डबल गिनती होने से पहले सात मौतों का आंकड़ा सामने आया था। जब पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तो चार मृतकों की पुष्टि हुई है।

उन्होंने बताया कि हादसे में गुजरात के बनासकांठा कुकड़ी (दाता) निवासी चंदूभाई (40) पुत्र करणभाई बुमड़िया, कुकड़ी निवासी नरेश भाई (38) पुत्र गल्लूभाई तराल, कुकड़ी निवासी राजूभाई (42) पुत्र अनिल भाई तराल और एक 11 साल के बच्चे की मौत हुई है। सभी जातरू गुजरात के बनासकांठा जिले के हैं। इनमें से अधिकतर कुकड़ी गांव के है। हादसे की सूचना के बाद सिरोही कलेक्टर डॉ. भंवर लाल, एसपी ममता गुप्ता, पाली कलेक्टर नमित मेहता, एसपी डॉ. गगनदीप सिंगला, सिरोही विधायक संयम लोढ़ा मौके पर पहुंचे हैं। अस्पताल में अफरा तफरी का माहौल बना हुआ है। मौके पर घायलों की चीख-पुकार मची हुई है।

हादसे को लेकर सिरोही विधायक लोढ़ा ने भी मौके पर पहुंचते ही हादसे में आठ लोगों के मौत को लेकर ट्वीट किया। बाद में बाली के एएसपी बृजेश सोनी ने इस गफलत को सुधारा और हादसे में चार लोगों के मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि शिवगंज और सुमेरपुर के मृतकों की डबल गिनती होने से पहले सात मौतों का आंकड़ा सामने आया था। जब पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तो चार मौतों की पुष्टि हुई है।

उल्लेखनीय है कि बीते रविवार को भी पाली जिले के रोहट थानाक्षेत्र में एक सड़क हादसे में पांच रामदेवरा जातरुओं की मौत हुई थी। भीलवाड़ा जिले के रायपुर थाना क्षेत्र के खेमणा गांव निवासी पप्पू पुत्र हीरालाल भील अपने साथियों के साथ भीलवाड़ा से पैदल रामदेवरा जा रहे थे। गुजरे रविवार की देर रात ये लोग रोहट थाना क्षेत्र के मुकनपुरा गांव की सरहद पार कर रहे थे, तभी पीछे से आ रहे ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button