
मधुबनी नगर निगम के वार्डो में पांच-पांच सबमर्सिबल का आश्वासन हवा-हवाई : राजीव राय
मधुबनी- 03 अप्रैल। नगर निगम क्षेत्र में नल जल योजना की हालत में सुधार दिखपा नजर नहीं आ रहा है। गर्मी का मौसम शुरु होते ही अधिकांश वार्डौं में पानी की किल्लत शुरु हो गई है। पिछले साल भी वार्डों में भारी जलसंकट का सामना करना पड़ा था। वार्ड 45 के सामाजिक कार्यकर्ता राजीव राय ने बताया कि नगर निगम द्वारा दो साल पूर्व नगर निगम क्षेत्र में पानी की किल्लत को दूर करने के लिए बोर्ड की बैठक में हरेक वार्ड को पांच-पांच सबमर्सिबल देने का निर्णय लिया गया था। इस निर्णय के आलोक में कुछ वार्डों में दो-तीन सबमर्सिबल दिया गया। जबकि कुछ वार्डों में आज तक एक भी सबमर्सिबल की सुविधा नहीं दी गई।

उन्होंने बतापा कि वार्ड 45 में दो सबमर्सिबल लगाई गई। लगाए गए एक सबमर्सिबल समय-समय पर बंद ही रहता है। तीन सबमर्सिबल अब तक नहीं लगाया गया। सबमर्सिबल कब तक लग सकेगा बता नहीं सकते। इसके अलावा इस साल मार्च में बोर्ड की बैठक में हरेक वार्ड में दो-दो अतिरिक्त सबमर्सिबल देने का निर्णय लिया गया। जबकि पूर्व में लिए गए निर्णय के आलोक में सभी वार्डों में पांच-पांच सबमर्सिबल उपलब्ध नहीं हो सका है। वार्ड 28 के पार्षद सुनीता देवी ने बताया कि पूर्व घोषणा के अनुरूप वार्ड 28 में अब तक एक भी सबमर्सिबल नहीं लगाई गई है। इसके लिए निगम प्रशासन उदासीन बना है। निगम के विस्तारित वार्डों में नल जव योजना दम तोड़ता नजर आ रहा है। जलसंकट झेलने को विवश है। वहीं, वार्ड 41 के पार्षद अंजु देवी ने बताया कि निगम से वार्ड को पांच सबमर्सिबल का आश्वासन दिया गया था। लेकिन वार्ड 41 में एक भी सबमर्सिबल नहीं दिया गया। वार्ड के बढ़ई लोगों को नल जल योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। वार्ड की गीता देवी, रेणु देवी, मनीषा देवी, किरण देवी, पूनम देवी, शोभा देवी, सुनीता देवी, आशा देवी, राधा देवी, इंदू देवी, लीला देवी, पार्वती देवी, अनिता देवी, उर्मिला देवी, सुनीता देवी सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि पानी की किल्लत दूर करने के लिए निगम कई साल से उदासीन बना है।



