
Pune हादसे में मारे गए बिहार के मजदूरों के परिजनों को दो-दो लाख सहायता राशि की घोषणा
पटना/पुणे- 04 फरवरी। महाराष्ट्र में पुणे स्थित यरवदा इलाके के शास्त्रीनगर में निर्माणाधीन मॉल के स्लैब गिरने से बिहार के पांच मजदूरों की मौत हो गई। बिहार के मजदूरों की मौत की खबर मिलते ही सीएम नीतीश ने शोक संवेदन व्यक्त की है। सीएम नीतीश ने बिहार में कटिहार जिले के पांच मजदूरों की पुणे में हुई मौत पर गहरी शोक संवेदन व्यक्त की है।
सीएम ने पुणे के शास्त्रीनगर में निर्माणाधीन मॉल में हुए हादसे में बिहार के मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने की घोषणा की है। साथ ही इस हादसे में घायल बिहार के सभी लोगों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
उल्लेखनीय है पुणे के शास्त्रीनगर में गुरुवार की देर रात एक निर्माणाधीन मॉल का स्लैब गिर गया। रात में मजदूर मॉल के लिए काम कर रहे थे। बेसमेंट में निर्माण का काम चल रहा था। इस बीच लोहे का भारी स्लैब उनके ऊपर गिर गया। लोहे के 16 एमएम मोटे और वजनदार इस जाली के नीचे वहां काम पर लगे मजदूर दब गये। कई मजदूरों के शरीर में लोहे के ये सरिये घुस गये। पांच मजदूरों की मौत इस हादसे में हो चुकी है।



