
देश के विकास में बिहार की अहम भूमिका: प्रेम कुमार
दरभंगा–09 मार्च। बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने सोमवार को सपरिवार दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान स्थित महादेव के मंदिर में रुद्राभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख,शांति एवं समृद्धि की मंगल कामना की। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि हम सभी राजनीतिज्ञ यही अपेक्षा रखते हैं कि विकसित बिहार का सपना पूरा हो और देश के तरक्की में बिहार का भी योगदान बढ़े। हम बिहार के लोग काफी मेहनती होते हैं और देश के विकास में हमारी अहम भूमिका भी है। सभी माननीय मंत्रीगण और माननीय सदस्यगण बिहार के विकास के लिए सतत प्रयत्नशील भी हैं।
वही पूजा-पाठ के द्वारा भी दैवीय-शक्ति से आशीर्वाद प्राप्त कर हम विकसित बिहार के सपने को पूरा करने का संकल्प ले रहे हैं। जहां एक ओर केंद्र में लगातार 11 वर्षों से कर्मयोगी नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार विकास के कार्य और जनकल्याणकारी योजनाएं चलाकर जनता का भला कर रही है, जिसका फायदा बिहार को भी मिल रहा है। वहीं दूसरी ओर बिहार के विकास पुरुष माननीय नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में लगातार 20 वर्षों से बिहार का हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा है। यह माननीय मुख्यमंत्री के प्रयासों की ही देन है कि आज हम देश के किसी भी कोने में खुद को गर्व से बिहारी कह सकते हैं और हमारे बिहार की बेटियां भी हर क्षेत्र में ऊंची उड़ान भर रही हैं। महादेव हम सबकी कामना पूर्ण करेंगे,यह मुझे पूर्ण विश्वास है।



