
PM मोदी के गढ़ काशी में कांग्रेस के लिए वोट मांगेंगे हार्दिक पटेल
वाराणसी- 29 जनवरी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गढ़ काशी में कांग्रेस के गुजराती पाटीदार नेता हार्दिक पटेल सरकार पर निशाना साधने के साथ पार्टी के पक्ष में मतदान के लिए नागरिकों से अपील भी करेंगे। कई स्थानीय नेताओं के पाला बदलकर भाजपा में चले जाने से उदास पार्टी के कार्यकर्ताओं में हार्दिक जोश भरने का भी काम करेंगे।
पार्टी महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने शनिवार को बताया कि भारतीय राजनीति में अपने अनोखे तेवर व संघर्षों से प्रतिमान गढ़ने वाले गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल रविवार को शहर में आयेंगे। हार्दिक सुबह नौ बजे चौक स्थित लक्ष्मी चाय के सामने से डोर-टू-डोर, गुजराती समाज व बनारस के लोगों से जनसम्पर्क करेंगे।
दोपहर 12.30 बजे हार्दिक पटेल चांदपुर स्थित पार्टी के कैम्प कार्यालय (मां सरस्वती महिला पीजी कॉलेज) में युवाओं संग संवाद करेंगे। संवाद में पार्टी द्वारा घोषित भर्ती विधान घोषणापत्र पर चर्चा करेंगे। इसके बाद अपराह्न 2.30 बजे पिण्डरा विधानसभा के बड़ागांव में बसन्त पटेल के यहां पटेल समुदाय के साथ चौपाल में भाग लेंगे। गुजरात में पाटीदार आरक्षण आंदोलन से सुर्खियों में आए हार्दिक पटेल किसानों के दुख दर्द को सुनेंगे।



