
PM मोदी के बयान पर कांग्रेस अध्यक्ष का पलटवार, खड़गे ने कहा- कांग्रेस में फूट डालने की कोशिश कर रही है भाजपा
अहमदाबाद- 27 नवंबर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को नर्मदा जिले के डेडियापारा में एक जनसभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बयानों पर पलटवार किया। 70 सालों में कुछ नहीं करने के भाजपा के आरोपों का भी उन्होंने जवाब दिया। उन्होंने आदिवासियों की जमीन लूटने और बेरोजगारी दूर नहीं के लिए भाजपा को घेरा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद गुजरात विधानसभा चुनाव में पहली बार सभा करने आए मल्लिकार्जुन खड़गे आक्रमक दिखे। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के दिए एक-एक बयान पर जवाब दिया। उन्होंने मोदी के खुद को गरीब, बताने, चाय बेचने वाले और औकात बताने संबंधी बयानों पर कहा कि हम तो उनसे भी गरीब हैं। गरीबों से गरीब हैं। उनकी तो कोई चाय पीता है, लेकिन हम तो अछूतों में आते हैं, मेरी कोई चाय भी नहीं पीता। कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री ऐसा कर लोगों की सहानुभूति बटोरने का प्रयास करते हैं। वे कितनी बार वे झूठ बोलेंगे, वे झूठों के सरदार है। खड़गे ने राज्य पर बढ़ रहे कर्ज पर चिंता जताते हुए कहा कि यह राशि भी प्रधानमंत्री मोदी लोगों की जेब से वसूलेंगे। कांग्रेस को फिर से मौका देने की बात करते हुए उन्होंने कहा कि संविधान में बाबा साहब अम्बेडकर ने उन्हें सरकार बदलने का अधिकार दिया है, वे इसका उपयोग करें।
कांग्रेस ने देश को लोकतंत्र दिया—
आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र डेडियापार में कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि गुजरात का यह चुनाव गुजरात के लिए ही नहीं सारे देश के लिए महत्वूपूर्ण है। भाजपा यहां 27 साल से हुकूमत कर रही है। इतने वर्षों जनता की समस्या अगर हल नहीं कर सकती है तो जनता उन्हें हटा दें। आम आदमी पार्टी का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि दिल्ली से आकर लोग टांग मारते हैं, उनका कुछ नहीं होगा। गांधी, नेहरू और सरदार पटेल की चर्चा कर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस देश को बनाया है। गांधी ने आजादी दिलाई, पटेल ने एकता दिलाई और नेहरू ने लोकतंत्र की बुनियाद डाली और इसे चलाया। आजादी के बाद लोकतंत्र के अनुसार देश चल रहा है। कांग्रेस के जमाने में मजबूती से काम हुआ, ऐसा नहीं हुआ कि पुल बना और गिर गया।
उन्होंने देश को मजबूती के साथ रखा है। खड़गे ने कहा कि इसके बावजूद उनसे पूछा जाता है कि 70 साल में कांग्रेस ने क्या किया। यदि हम कुछ नहीं करते तो लोकतंत्र नहीं मिलता। भाजपा सरकार पर उन्होंने गरीबों और उनकी जमीन लूटने का आरोप लगाया। आदिवासियों की जमीन, जंगल और पानी खत्म कर अमीरों को देने की बात कही।
कांग्रेस में फूट डालने की कोशिश—
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के लोग कांग्रेस पर सरदार पटेल का सम्मान न रखने का आरोप लगाते हैं। जबकि हकीकत है कि सरदार पटेल, नेहरू और गांधी ने मिलकर देश को आजादी दिलाई। उन्होंने सवाल किया कि आरएसएस और भाजपा के आफिस में पहले सरदार पटेल की फोटो कहां लगती थी। उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस में फूट डालने की कोशिश कर रही है।
मोरारजी देसाई, मेहता ने भी क्या कुछ नहीं किया—
भाजपा के 70 साल में कांग्रेस पर कुछ न करने के आरोप पर कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने सवाल किया कि क्या गुजरात के मोरारजी देसाई, मेहता या अन्य नेताओं ने कुछ नहीं किया। वास्तविकता है कि 27 साल के भाजपा के शासन के बाद भी लोग भूखे मर रहे हैं। छोटे बच्चों को देश की तुलना में सबसे कम पौष्टिक आहर मिलता है। खड़गे ने बेरोजगारी का सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार में पांच लाख रिक्तियां हैं, वहीं देश में 30 लाख वैकेंसी हैं। इसे भरने के बजाए अपने हाथ से नियुक्ति पत्र बांटते हैं, जो काम क्लर्क का है, वह वे कर रहे हैं। खड़गे ने कहा कि राज्य की हालत खराब है, यहां का कर्ज बढकर साढ़े चार लाख करोड़ रुपये हो गया है, इसे न तो मोदी अपनी जेब से देंगे, न अडाणी और अंबानी से लेंगे, वे तो जनता की जेब से निकालेंगे।



