
बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के 15 कर्मचारियों को वर्षों से लंबित सेवांत लाभ का हुआ भुगतान, अध्यक्ष मृत्युंजय झा ने सौंपा चेक
पटना- 31 मार्च। बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के 15 कर्मचारियों को वर्षों से लंबित सेवांत लाभ का भुगतान आखिरकार कर दिया गया। बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित एक कार्यक्रम में संबंधित कर्मचारियों को सेवांत लाभ का चेक प्रदान किया। लंबे समय से लंबित इस भुगतान के पूरा होने से कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। चेक प्राप्त करते ही कर्मचारियों के चेहरे पर संतोष और प्रसन्नता स्पष्ट रूप से देखी गई। कई कर्मचारियों ने अध्यक्ष के इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे उनकी वर्षों पुरानी आर्थिक समस्याओं का समाधान हुआ है।
इस अवसर पर अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा ने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा और उनके लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन बोर्ड की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी किसी कर्मचारी के वैधानिक लाभ लंबित नहीं रहने दिए जाएंगे।
कार्यक्रम में बोर्ड के सचिव नीरज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। सचिव ने भी इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे न केवल कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि संस्थान की कार्यसंस्कृति भी सुदृढ़ होगी।
उल्लेखनीय है कि सेवांत लाभ के भुगतान में लंबे समय से देरी को लेकर कर्मचारियों में असंतोष था, जिसे दूर करते हुए बोर्ड प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इससे संस्थान में सकारात्मक संदेश गया है और कर्मचारियों के बीच विश्वास का वातावरण मजबूत हुआ है।



