
PATNA:- कृष्णा निकेतन में महिला दिवस पर भव्य आयोजन
पटना- 08 मार्च। आचार्य श्री सुदर्शन कृष्णा निकेतन कृष्णा विहार ट्रांसपोर्ट नगर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर एक भव्य सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन संस्था के संस्थापक अध्यक्ष आचार्य श्री सुदर्शन जी महाराज तथा चर्चित कवयित्री एवं दूरदर्शन की लोकप्रिय उद्घोषिका श्रीमती प्रेरणा प्रताप ने दीप जलाकर किया। इस अवसर पर नृत्यांगना संस्था की संस्थापिका तथा लोकप्रिय कोरियोग्राफर सह फिटनेस एक्सपर्ट श्रीमती मौसम शर्मा भी मौजूद थी। समारोह को संबोधित करते हुए आचार्य श्री सुदर्शन जी महाराज ने कहा कि आज हमारी सरकार बेटी पढ़ाओ अभियान चला रही है, किंतु हमारे समाज की माताएँ भी अपनी बेटियों के प्रति सतर्क और सजग हो, इसकी जरूरत सबसे ज्यादा है। तभी बेटियाँ पढ़ेगी और आगे बढ़ेगी। अपने संबोधन में श्रीमती प्रेरणा प्रताप ने कहा कि बेटियों के उत्थान की सबसे बड़ी जवाबदेही माताओं की है और माताएँ जितनी सजग होंगी, देश की बेटियाँ उतनी ही सफल होंगी। कार्यक्रम को श्रीमती मौसम शर्मा तथा युवा साहित्यकार एवं समाजसेवी डॉ कुमार अरुणोदय ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा एकादश की छात्रा खुशी सोनी द्वारा आचार्य श्री सुदर्शन रचित ललित गीत से हुई। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं के अतिरिक्त छात्राओं की माताओं ने भी अपनी मोहक प्रस्तुति से सबको प्रभावित किया। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं की माताओं और विद्यालय की शिक्षिकाओं के बीच कई तरह की प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया और प्रतियोगिता जीतने वाली माताओं को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बेटियों और स्त्रियों के प्रति सम्मान भाव में अभिवृद्धि एवं दांपत्य मैत्री को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम का समापन विद्यालय की प्राचार्य डॉ पुष्पा सिंह के द्वारा धन्यवादः ज्ञापन के साथ हुआ।



