
PATNA:- शिवम कान्वेंट की अंडर 14 कबड्डी टीम जिला खेल प्रतियोगिता में बनी चैंपियन
पटना-22 दिसंबर। कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित तीन दिवसीय जिला विद्यालय खेल प्रतियोगिता में शिवम् कान्वेंट के बच्चों का रहा जलवा। इस प्रतियोगिता में पटना जिले से लगभग 200 सरकारी एवं 80 आईसीएसई व सीबीएसई से मान्यता प्राप्त विद्यालयों के दो हजार छात्र छात्राओं ने भाग लिया था। कबड्डी बालक अंडर 14 वर्ग का सेमीफाइनल मुकाबला शिवम कॉवेन्ट और ज्ञान निकेतन के बच्चों के बीच खेला गया।
इस सेमीफाइनल मुकाबले में शिवम कान्वेंट के बच्चों ने ज्ञान निकेतन के बच्चों को 6 अंकों से हराकर विजय बनी। कबड्डी का फाइनल मुकाबला शिवम् कान्वेंट और शोषित समाधान केंद्र के बच्चों के बीच खेला गया। जिसमें शिवम कान्वेंट के बच्चों ने 09 अंकों के बड़े अंतर के साथ शोषित समाधान केंद्र के बच्चों को हराकर इस बार की चैंपियन बनी। इतना ही नहीं एसजीएफआई के तत्वावधान में आयोजित अंडर 14 ट्रायल्स में भी शिवम कान्वेंट के दो छात्र साहिल और अभिनव का चयन हुआ है।
मौके पर स्कूल के प्रिंसिपल ने बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि शिवम कान्वेंट के बच्चों ने स्कूल को गौरवान्वित किया है। इससे पहले भी कई प्रतियोगिताओं में शिवम् कान्वेंट के बच्चों का शानदार प्रदर्शन रहा है। शिवम कान्वेंट का हमेशा से यह प्रयास रहा है कि बच्चों को अच्छी पढ़ाई के साथ-साथ खेल-कूद का भी प्रशिक्षण दिया जाए। जिससे वह अन्य विधाओं में भी अव्वल आये और अपने स्कूल और राज्य का नाम रौशन करें।



