
PATNA:- एसएमडी काॅलेज में एनओयू के 265 वें अध्ययन केंद्र के उद्घाटन समारोह में प्रति कुलपति ने कहा- NOU देश में दूर शिक्षा का एक प्रमुख केंद्र है
पटना- 31 जनवरी। सोमवार को एस.एम.डी. कॉलेज श्रीपालपुर, पुनपुन पटना में नालंदा खुला विश्वविद्यालय,पटना के अध्ययन केंद्र का निरीक्षण सह उद्घाटन समारोह में प्रोफेसर संजय कुमार उद्घघाटन करते हुए बोल रहे थे। इस अवसर पर बिहार में सकल नामांकन अनुपात बढ़ाने में एनओयू की भूमिका विषयक परिचर्चा का भी आयोजन किया गया।
उन्होंने कहा कि एनओयू की स्थापना 1987 में हुई है। स्थापना काल से ही इसका लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से जगह-जगह विश्वविद्यालय का अध्ययन केंद्र खोला जा रहा है। अभी तक जिला एवं अनुमंडल स्तर के अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों तथा प्रखंड स्तर के चुने हुए इंटरमीडिएट विद्यालयों में भी 265 केंद्र खुल चुके हैं। पिछले 5 माह में 41 अध्ययन केंद्र खुले हैं।
उन्होंने बताया कि सभी वर्गों में शिक्षा का अलख जगा है। सुदूर क्षेत्रों तक ज्ञान की ज्योति पहूँच रही है। महिलाएं, दिव्यांग या वैसे लोग जो किसी कारणवश औपचारिक डिग्री प्राप्त नहीं कर पाते हैं, एनओयू उनके लिए वरदान की तरह है।
कुलसचिव डॉ घनश्याम राय ने कहा कि आज ससमय नामांकन, ससमय परीक्षा एवं ससमय परीक्षाफल इस विश्वविद्यालय की पहचान बन गई है। यहां 105 विषयों की पढ़ाई होती है। इनमें इंटर, स्नातक,स्नातकोत्तर,स्नातकोत्तर डिप्लोमा,सर्टिफिकेट कोर्स शामिल हैं। इनमें बीएलआईएस,एमएलआईएस,एमसीए, पत्रकारिता,योग,पर्यावरण,आपदा-प्रबंधन, इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी,इन्टीरियर डेकोरेशन,कम्प्यूटर नेटवर्किंग,हिंदी-अंग्रेजी अनुवाद कोर्स भी है। सभी कोर्स रोजगारपरक एवं समाजोपयोगी है।
उन्होंने बताया कि एनओयू के सभी पाठ्यक्रमों की अपनी अध्ययन सामग्री है। यह काफी सरल-सहज भाषा में तैयार की गई है और यह सामग्री सभी विद्यार्थियों को निःशुल्क दी जाती है। छात्राओं को नामांकन शुल्क में 25 प्रतिशत की छूट का प्रावधान है। असीमित सीट है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वर्तमान प्रभारी प्रधानाचार्य सह पूर्व बिहार लोक सेवा आयोग के सदस्य प्रोफेसर (डाॅ.) राम किशोर सिंह ने बताया कि महाविद्यालय में एनओयू के अध्ययन केंद्र के शुभारंभ होने से स्थानीय विद्यार्थियों को अधिकाधिक अवसर मिल सकेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह अध्ययन केंद्र बिहार का अग्रणी केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि कम समय में हमने महाविद्यालय का चौमुखी विकास किया है।
प्रो. अभयनांद सुमन और डॉ जगन्नाथ गुप्ता ने कहा कि एस एम डी महाविद्यालय में विकास की अपार संभावनाएं हैं। प्रति कुलपति एवं कुलसचिव ने सर्वप्रथम महाविद्यालय का निरीक्षण किया। तथा इस अध्ययन केंद्र के लिए उपयुक्त पाते हुए तत्काल इसे कोड 265 आवंटित किया।द करेंगे।
संचालन प्रोफेसर राकेश कुमार,समन्वयक,एन ओ यू ने की और धन्यवाद ज्ञापन डाॅ. राजीव कुमार जोशी ने किया। कार्यक्रम की शुरूआत अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों का अंगवस्त्रम,पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्य किया गया।
महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ विनय कुमार सिंह के सेवानिवृत्ति के अवसर पर बिदाई देकर सम्मानित किया गया। परिचर्चा को डॉ राकेश कुमार,डॉ सुधीर कुमार,डॉ एम एच अंसारी तथा डॉ देव प्रकाश ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक,कर्मचारी,छात्र एवं छात्राएं उपस्थित थे।



