
PATNA:- अटल पेंशन योजना आउटरीच कार्यक्रम आयोजित
पटना- 24 अगस्त। पेंशन निधि विनियामक और विकास प्राधिकरण ( पी०एफ़०आर०डी०ए०) के तत्वाधान में राज्यस्तरीय बैंकर्स समिति बिहार द्वारा “अटल पेंशन योजना आउटरीच कार्यक्रम “ का आयोजन “भारतीय स्टेट बैंक ज्ञानार्जन एवं विकास संस्थान पटना में किया गया । इस कार्यक्रम में पी० एफ़० आर० डी०ए०,नई दिल्ली के मुख्य महाप्रबंधक आशीष कुमार ने अपनी पूरी टीम के साथ सहभागिता की । उन्होंने अटल पेंशन योजना के विभिन्न पहलुओं,प्रावधानों तथा राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर इसकी अद्यतन प्रगति एवं भावी परिदृश्य पर एक विस्तृत प्रस्तुति दी ।
इस अवसर पर पी०एफ़०आर०डी०ए० द्वारा वित्तीय वर्ष 2021-22 के उत्तरार्द्ध में चलाए गए “ सिटिजंस च्वाईस कैम्पेन” में अखिल भारतीय स्तर पर सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्यस्तरीय बैंकर्स समिति, बिहार को प्रथम पुरस्कार दिया गया। पुरस्कार ग्रहण करते हुए भारतीय स्टेट बैंक के महाप्रबंधक एवं समिति के संयोजक श्री मनोज कुमार गुप्ता ने इसे इस योजना के प्रति राज्य में कार्यरत बैंकों की संवेदनशीलता, कर्मठता और प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया । उन्होंने पी०एफ़०आर०डी०ए० को आश्वासन दिया कि अटल पेंशन योजनाके क्षेत्र में बिहार के सभी बैंक आगे भी अपना सर्वोत्तम योगदान देते रहेंगे । इस योजना में राज्य स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए यूको बैंक तथा दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक को और किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, मधेपुरा, सहरसा, बांका तथा कटिहार के अग्रणी जिला प्रबंधकों को भी सम्मानित किया गया । इस कार्यक्रम में मंचीय अतिथि तथा वक्ता के रूप में श्रीमती अभिलाषा शर्मा, संयुक्त सचिव ,वित्त विभाग,बिहार, सत्यब्रत महापात्र,महाप्रबंधक (उत्तर बिहार),भारतीय स्टेट बैंक तथा श्री सुधीर कुमार राय,महाप्रबधक,नाबार्ड की भी गरिमामयी उपस्थिति रही ।
ज्ञातव्य है कि अटल पेंशन योजना असंगठित क्षेत्र तथा निम्न आय वर्ग के लिए भारत सरकार द्वारा लागू की गई एक महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजना है जिसका उद्देश्य इन लक्ष्य समूहों को साठ वर्ष की आयु के पश्चात जीवन-यापन हेतु पेंशन प्रदान करना है । बिहार इस महती योजना के कार्यान्वयन में राज्यस्तरीय बैंकर्स समिति, बिहार के नेतृत्व में राष्ट्रीय फलक पर लगातार सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है ।



