
PANJAB:- मान सरकार के मंत्रियों की कुल संपत्ति 72 करोड़, CM सहित 7 मंत्रियों पर चल रहा केस
चंडीगढ़- 19 मार्च। पंजाब की 16वीं विधानसभा के लिए विधायक बनने के बाद भगवंत मान सरकार में मंत्री बने विधायकों की कुल संपत्ति 72 करोड़ है। इससे पहले सत्ता में रही चन्नी सरकार में रहे मंत्रियों की कुल प्रॉपर्टी 348 करोड़ थी। मान सरकार में सबसे अमीर मंत्री 8 करोड़ की प्रॉपर्टी वाले ब्रह्मशंकर जिंपा हैं। सबसे कम 6 लाख की संपत्ति लालचंद कटारूचक्क की है।
मान सरकार में लालचंद कटारूचक्क और कुलदीप धालीवाल दसवीं तक पढ़े हैं। लालजीत भुल्लर और ब्रह्मशंकर जिंपा ने 12वीं तक पढ़ाई की है। इनके अलावा बलजीत कौर और विजय सिंगला पेशे से डाक्टर हैं। हरपाल चीमा एलएलबी, हरभजन ईटीओ ने एमए, मीत हेयर बीटेक और हरजोत बैंस ने एलएलबी कर रखी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बीकॉम पार्ट वन तक पढ़ाई की है।
मान मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत सात मंत्रियों पर केस चल रहे हैं। सीएम भगवंत मान, हरपाल चीमा, मीत हेयर, लालचंद कटारूचक्क, कुलदीप धालीवाल, लालजीत भुल्लर पर रैली और धरने प्रदर्शन के केस है। इनमें चार नए मंत्री हरजोत बैंस, ब्रह्मशंकर जिंपा, डॉ. विजय सिंगला और डॉ. बलजीत कौर पर कोई केस नहीं है।



