
MADHUBANI: शहर के गंगासागर चैती दुर्गा मंदिर का चल रहा रंग-रोगन कार्य, सज रहा माता दरबार
मधुबनी- 08 मार्च। इस साल 19 मार्च को कलश स्थापन के साथ प्रारंभ होने वाले चैती दुर्गा पूजा की तैयारी जोरों से चल रही है। शहर के गंगासागर तालाब परिसर स्थित चैती दुर्गा पूजा स्थल पर माता दुर्गा व अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमा निर्माण और मंदिर का रंगरोगन कार्य जोरों पर चल रहा है। माता दुर्गा दरबार की आकर्षक सजावट फूलों से की जाएगी। मिथिला पंचांग के अनुसार चैती दुर्गा पूजा के लिए सुबह में कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। कलश स्थापना शुभ मुहूर्त 19 मार्च सुबह 6:52 से शाम 3 बजे तक माना गया है। इधर, शहर के गंगासागर तालाब परिसर स्थित मां श्यामा चैती नव दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में 28 साल चैती दुर्गा पूजा का आयोजन हो रहा है। समिति अध्यक्ष कृष्णमोहन, पूजा व्यवस्थापक कैलाश साह, उपाध्यक्ष धीरेन्द्र नारायण झा धीरू ने बताया कि कलश स्थापना के लिए 19 मार्च को गंगासागर तालाब घाट से भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने पूजा स्थल और तालाब घाट पर गंदगी नहीं फैलाने की अपील करते हुए कहा कि चैती दुर्गा पूजा पर बड़ी संख्या में श्रद्घालुओः की भीड़ जुटती है।
समिति द्वारा छठ पूजा पर अर्घ्य के लिए निशुल्क गाय दूध उपलब्ध कराई जाती है। पूजा स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आचार्य बालकृष्ण झा के नेतृत्व में सात पंडितों द्वारा अनुष्ठान किया जाएगा। प्रतिमा निर्माण शहर के चूड़ी बाजार के मूर्तिकार छोटू पंडित के देखरेख में चल रहा है। माता दरबार की सजावट शहर के चंदन कुमार व पंडाल का निर्माण दरभंगा के कलाकारों द्वारा किया जा रहा है। पूजा की तैयारी में समिति के मंत्री रवि प्रकाश श्रीवास्तव, कार्यालय प्रभारी दीपक कुमार दत्ता, पूजा प्रभारी बैजू यादव, किशोरी साह, विजय कारक, सुमन कुमार झा, शंभू झा, अशोक श्रीवास्तव सहित अन्य सदस्य जुटे हैं। वहीं, धार्मिक महत्व की जानकारी देते हुए पं. ऋषिनाथ ने बताया कि इस साल चैत्र नवरात्र पर मां दुर्गा का आगमन डोला थ तथा बिदाई मुर्गा पर होगी।



