
नीतीश ने JDU सदस्यता अभियान 2025-28 का शुभारम्भ किया
पटना- 06 दिसंबर। राजधानी पटना स्थित जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश कार्यालय में शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सदस्यता नवीनीकरण करते हुए जदयू सदस्यता अभियान 2025-28 की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने मुख्यमंत्री को सदस्यता दिलाई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने संजय कुमार झा,प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह सहित कई वरीय नेताओं को सदस्यता दिलाई। पार्टी की ओर से इस अभियान में एक करोड़ से अधिक प्राथमिक सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके लिए बूथ स्तर पर सघन अभियान चलाया जाएगा।
इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह,केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, विधानसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव, मंत्री विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, सुनील कुमार,लेशी सिंह, प्रो. (डॉ.) रामवचन राय, मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, विधान पार्षद सह प्रदेश उपाध्यक्ष रवींद्र प्रसाद सिंह,मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता एवं सदस्य उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दिए गए सम्मान पर पार्टी नेताओं ने उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर नीतीश कुमार को भव्य माल्यार्पण कर सम्मानित भी किया गया।
कार्यकारी अध्यक्ष सहित उपस्थित नेताओं ने कहा कि यह उपलब्धि समाज और प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत है तथा मुख्यमंत्री की विकासपरक सोच और नेतृत्व क्षमता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान है।



