
NDA में कोई मतभेद नहीं, नीतीश कुमार कार्यकाल पूरा करेंगे: धर्मेंद्र प्रधान
पटना- 28 जून। पटना पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ कोर कमेटी की बैठक की। बैठक में उन्होंने भाजपा नेताओं को जुबान पर रोक लगाने और पार्टी में अनुशासन और संयम बनाकर रखने की सलाह दी।
सीएम नीतीश से मुलाकात के बाद धर्मेंद्र प्रधान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि बिहार में एनडीए गठबंधन में कोई गतिरोध नहीं है। नीतीश कुमार हमारे नेता हैं और वह अपना कार्यकाल पूरा करेंगे। भाजपा उनके साथ मजबूती से रहेगी। दो अलग-अलग राजनीतिक दल है, तो ऐसे में स्वभाविक है कि कभी- कभी मतों में भिन्नता हो जाती है लेकिन कोई बड़ा विभेद नहीं है।
उन्होंने कहा कि एनडीए ने राष्ट्रपति के लिए अपना उम्मीदवार झारखंड के पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को बनाया है। उन्हें नीतीश कुमार ने भी अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि एनडीए की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू जल्द ही बिहार आएगी। वे बिहार के लोकसभा सदस्य और विधानसभा सदस्य से अपने पक्ष में वोट के लिए अपील करेंगी। उन्होंने कहा कि सभी द्रौपदी मुर्मू को वोट देंगे, मुझे यह पूरा विश्वास है।



