
MLC की एक भी सीट VIP को नहीं दी जायेगी: डिप्टी सीएम
पटना- 23 जनवरी। राज्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं विधानसभा में भाजपा विधायक दल के नेता तारकिशोर प्रसाद ने रविवार को स्पष्ट कर दिया कि 24 सीटों पर होने वाले विधानपरिषद चुनाव में विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को एक भी सीट नहीं दी जाएगी।
सुभाष चंद्र बोस जी की जयंती समारोह में भाग लेनेे के लिए भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पहुंचे तार किशोर प्रसाद ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा ने ही मुकेश सहनी को एमएलसी और मंत्री बनाया है। अब स्थानीय प्राधिकार के चुनाव में एक भी सीट वीआईपी को नहीं मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि विधान परिषद का चुनाव हम लोग साथ मिलकर लड़ेंगे। वीआईपी के साथ मिलकर हम लोग कभी विधानपरिषद का चुनाव नहीं लड़ा है। हम लोगों ने मुकेश सहनी को विधान परिषद भेजने में सहयोग किया है। क्योंकि,मुकेश हमारे गठबंधन के सहयोगी हैं। विधानसभा चुनाव में हमलोगों ने उन्हें 11 सीटें दी थी। सबलोग साथ मिलकर काम करते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा कोर कमिटी की बैठक होते रहती है। भाजपा सत्ता पक्ष के सबसे बड़े दल के रूप में है। हम लोगों ने बैठक में मंथन किया है कि सरकार बेहतर कैसे चले,विकसित बिहार कैसे बने इस पर चर्चा की।
इससे पहले विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) सुप्रीमो मुकेश सहनी ने कहा कि हमारी विधान परिषद की होने वाली सभी 24 सीटों पर तैयारी है। पंचायत चुनाव में हमारे कई प्रतिनिधि बढ़-चढ़कर हिस्सा लिए थे। विधान परिषद चुनाव को लेकर हमारी भाजपा से अभी कोई बात नहीं हुई है। अगर आगे बात होती है तो कम से कम चार सीटें हमें मिलनी चाहिए। पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने यह भी कहा कि वीआईपी और हम को बिहार में कोई नजरअंदाज नहीं कर सकता है।
उल्लेखनीय है कि है कि मुकेश सहनी-2020 विधानसभा चुनाव में राजग के साथ चुनाव लड़े थे। सीट बंटवारे में भाजपा ने वीआईपी को 11 सीटें दी थी। मुकेश सहनी भी विधानसभा का चुनाव लड़े लेकिन उनकी करारी हार हो गई। इसके बाद भाजपा कोटे से उन्हें विधान परिषद भेजा गया। अब वीआईपी ने स्थानीय निकाय की 24 सीटों में अपनी हिस्सेदारी की मांग कर दी है। हालांकि भाजपा ने मुकेश सहनी की मांग को सिरे से खारिज कर दिया है।



