
MCD चुनाव- चार में आप और तीन लोकसभा क्षेत्रों में भाजपा रही आगे
नई दिल्ली- 07 दिसंबर। आम आदमी पार्टी बुधवार को आए दिल्ली नगर निगम के चुनाव नतीजों में भारतीय जनता पार्टी के 15 साल के शासन को पलट अपना कब्जा करने में कामयाब रही है। अब इन नतीजों की तुलना विधानसभा और लोकसभा के नतीजों से भी की जाने लगी है। दिल्ली विधानसभा में जहां आम आदमी पार्टी का कब्जा है वही लोकसभा में दिल्ली की सभी सातों सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के सांसद हैं।
लोकसभा से तुलना की जाए तो भारतीय जनता पार्टी सात में से 3 लोकसभा क्षेत्रों में आम आदमी पार्टी से बेहतर प्रदर्शन कर पाई है जबकि 4 लोकसभा क्षेत्रों में आम आदमी पार्टी ने भाजपा को पछाड़ दिया है। सबसे बेहतरीन प्रदर्शन भाजपा ने पूर्वी दिल्ली में किया है जहां से क्रिकेटर गौतम गंभीर सांसद हैं।
सांसद गंभीर ने इसके लिए पूर्वी दिल्ली के पार्टी कार्यकर्ताओं और वोटरों को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा है कि ये जीत न सांसद की है, न किसी विधायक की, न किसी पार्षद की. ये आपकी मेहनत की जीत है। हमारे कार्यकर्ता ही हमारी शक्ति हैं. संगठन को नमन। साथ ही उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा कि ग़ाज़ीपुर कूड़े का पहाड़ हम ही ख़त्म करेंगे।
इन लोकसभा क्षेत्रों में रही आप आगे
नई दिल्ली से भाजपा की मीनाक्षी लेखी सांसद हैं, यहां के 25 वार्डों में से आम आदमी पार्टी को 19 और भाजपा को 6 वार्डों में विजय मिली है।
पश्चिमी दिल्ली से प्रवेश वर्मा सांसद हैं और यहां 38 वार्ड हैं। आप को यहां 25 वार्डों और भाजपा को 12 वार्डों तथा कांग्रेस को एक वार्ड में जीत मिली है।
उत्तर पश्चिमी दिल्ली से गायक हंसराज हंस सांसद है। इनके क्षेत्र में 43 वार्ड आते हैं जिनमें से 22 में आप और 17 में भाजपा विजयी रही है। कांग्रेस को यहां तीन और एक सीट अन्य के खाते में गई है।
दक्षिणी दिल्ली में रमेश बिधूड़ी सांसद हैं और इनके क्षेत्र में 37 वार्ड आते हैं। इनमें से 23 वार्ड में आप, 13 में भाजपा और एक में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है।
इन लोकसभा क्षेत्रों में रही भाजपा आगे
पूर्वी दिल्ली से गौतम गंभीर सांसद हैं। इसने क्षेत्र में 36 वार्ड आते हैं, जिनमें से 21 में भारतीय जनता पार्टी को विजय मिली है और 13 पर आप ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस को यहां 2 सीटें मिली हैं।
उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी सांसद हैं। उनके क्षेत्र में 41 वार्ड आते हैं जिनमें से 21 में भाजपा ने जीत दर्ज की है। आम आदमी पार्टी 15, कांग्रेस 3 और दो निर्दलीय जीते हैं।
चांदनी चौक लोकसभा सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ हर्षवर्धन सांसद है। इन के क्षेत्र में 30 वार्ड आते हैं। भाजपा को इसमें से 16 आप को 14 वार्डों में जीत मिली है।



