बॉलीवुड

शाहरुख खान,विक्रांत मैसी और रानी मुखर्जी सहित कई दिग्गजों को मिला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का भव्य आयोजन हुआ, जहां शाहरुख खान समेत बॉलीवुड के कई कलाकारों और फिल्मों को भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। लंबे फिल्मी करियर में पहली बार शाहरुख ने यह पुरस्कार अपने नाम किया। वहीं मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड पाकर फूले नहीं समाए। यहां जानें, किसे किस श्रेणी में मिला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार।

शाहरुख और विक्रांत मैसी बने राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का मिला खिताब—

शाहरुख खान को उनकी फिल्म ‘जवान’ के लिए और विक्रांत मैसी को ’12वीं फेल’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार दिया गया। एटली के निर्देशन में बनी ‘जवान’ ने दुनियाभर में 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई करते हुए रिकॉर्ड कायम किया था। इस फिल्म में शाहरुख ने अपनी दमदार अदाकारी से दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों का भी दिल जीत लिया। वहीं, विधु विनोद चोपड़ा के निर्देशन में बनी विक्रांत मैसी अभिनीत ’12वीं फेल’ को भी दर्शकों और समीक्षकों ने खूब सराहा।

71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में रानी मुखर्जी को मिला सम्मान—

अभिनेत्री रानी मुखर्जी ने अपने करियर में कई अवॉर्ड जीते हैं, लेकिन पहली बार उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्होंने यह सम्मान फिल्म मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे के लिए हासिल किया। एक मां के संघर्ष और साहस पर आधारित इस भावनात्मक कहानी में रानी के दमदार अभिनय ने दर्शकों को गहराई तक प्रभावित किया। अपनी इस उपलब्धि को रानी ने दुनिया की सभी मांओं को समर्पित किया।

एकता कपूर की ‘कटहल’ बनी सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म—

एकता कपूर की फिल्म ‘कटहल’ को सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला, जिसमें सान्या मल्होत्रा ने मुख्य भूमिका निभाई थी। वहीं, सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का खिताब ’12वीं फेल’ ने अपने नाम किया, जबकि सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का सम्मान रणवीर सिंह और आलिया भट्ट अभिनीत ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ को मिला। दूसरी ओर, हिंदी फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ के लिए सुदीप्तो सेन को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार प्रदान किया गया।

मोहनलाल ने हासिल किया दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड

कंप्लीट एक्टर कहे जाने वाले मोहनलाल को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। पांच राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, नौ स्टेट अवॉर्ड,पद्म भूषण और पद्मश्री से सम्मानित मोहनलाल ने केवल मलयालम ही नहीं, बल्कि तमिल, तेलुगू, हिंदी और कन्नड़ फिल्मों में भी अपनी कला का जादू दिखाया है। मोहनलाल का कहना है कि यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं,बल्कि पूरी मलयालम फिल्म इंडस्ट्री का है। वे उन सभी निर्देशकों और लेखकों के आभारी हैं, जिन्होंने उन पर भरोसा किया।

फिल्म ‘सैम बहादुर’ ने सर्वश्रेष्ठ मेकअप आर्टिस्ट और सर्वश्रेष्ठ कॉस्ट्यूम डिजाइनर का पुरस्कार जीता। ‘द केरल स्टोरी’ को सर्वश्रेष्ठ सिनेमैटोग्राफी का खिताब मिला,जबकि सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी का सम्मान ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ को दिया गया। भगवंत केसरी को सर्वश्रेष्ठ तेलुगू फिल्म का पुरस्कार, ‘वश’ को सर्वश्रेष्ठ गुजराती फिल्म का खिताब और ‘द रे ऑफ होप’ को सर्वश्रेष्ठ कन्नड़ फिल्म का पुरस्कार मिला। बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर का अवॉर्ड जवान के लिए शिल्पा राव को प्रदान किया गया, वहीं एनिमल ने सर्वश्रेष्ठ साउंड डिजाइन का पुरस्कार अपने नाम किया।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button