
MAHARASHTRA: जनवरी मध्य में बढ़ सकता है कोरोना का संकट
मुंबई- 27 दिसंबर। महाराष्ट्र में जनवरी महीने के मध्य में कोरोना महामारी का संकट बढ़ सकता है। इसे लेकर सुबे के स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. प्रदीप व्यास ने आशंका जताई है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में व्यास ने एक प्रेजेंटेशन दिया और आनेवाले दिनों में कोरोना संकट बढ़ने की संभावना व्यक्त की। उन्होंने राज्य में टीकाकरण की गति और तेज करने पर बल दिया है। व्यास ने बताया कि 8 दिसंबर को 6,200 सक्रिय मरीज थे। लेकिन अब 10 हजार एक्टिव मरीज हैं। कुल मिलाकर पिछले 20 दिनों में सक्रिय रोगियों की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और पिछले छह दिनों में रोगियों की संख्या में तीन गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य में सकारात्मक दर 1.06 प्रतिशत हो गई है।
कोविड का संक्रमण बढ़ रहा है और इसे रोकने के लिए टीकाकरण को तेज करने की जरूरत है। उन्होंने आगामी जनवरी महीने के मध्य में कोविड के सक्रिय मरीजों की संख्या में वृद्धि होने की संभावना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि टीकाकरण में तेजी लाने की आवश्यकता है। कुछ दिन पहले हम एक दिन में 8 लाख डोज दे रहे थे, वर्तमान में प्रतिदिन 5 लाख खुराक दी जा रही है।
राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में कोविड के बढ़ते संक्रमण को लेकर चिंता व्यक्त की गई। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि हमें और अधिक सतर्कता के साथ सख्त कदम उठाने होंगे। अगले एक-दो दिनों में टास्क फोर्स के साथ बैठक आयोजित करने का निर्देश मुख्यमंत्री ने दिया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी पालक मंत्रियों को अपने-अपने जिलों में टीकाकरण का कार्य तेज गति से बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।



