
MAHARASHTRA:- पवन हंस हेलीकॉप्टर दुघर्टनाग्रस्त, 4 की मौत
मुंबई- 28 जून। मुंबई तट से करीब 50 समुद्री मील दूर अरब सागर में मंगलवार को पवन हंस हेलीकॉप्टर की इमर्जेंसी लैंडिंग के दौरान अचानक गिर जाने से चार लोगों की मौत हो गई। हेलीकॉप्टर में दो पायलट और सात यात्री सवार थे। दुर्घटना में घायल पांच लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि हेलीकाप्टर मंगलवार को मुंबई तट से लगभग 50 समुद्री मील दूर, ओएनजीसी रिग, सागर किरण में उतरने का प्रयास कर रहा था, उस समय यह घटना हुई। हेलिकॉप्टर के समुद्र में गिरने से पहले इसके फ्लोटर्स के पूरी तरह से फूल जाने से हेलीकाॅप्टर डूबने से बच गया। हेलीकाप्टर सवार सभी लोगों को मुंबई के नानावटी अस्पताल में पहुंचाया गया लेकिन नानावटी अस्पताल में डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। जबकि अस्पताल में पांच लोगों का इलाज चल रहा है। इस घटना में मरने वालों की पहचान मुकेश पटेल, विजय मंडलोई, सत्यंब्रद पात्रा और संजू फ्रांसिस के रूप में हुई है। इसकी पुष्टि ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन लिमिटेड(ओएनजीसी) के एक अधिकारी ने की है।
अधिकारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर एक नया सिकोरस्की हेलिकॉप्टर था। इसे पवन हंस कंपनी ने हाल ही में किराये पर लिया था। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
उल्लेखनीय है कि पवन हंस हेलीकॉप्टर नियमित रूप से ओएनजीसी कंपनी के कर्मचारियों और अधिकारियों को तेल प्रतिष्ठानों तक ले जाते हैं।



