
मधुबनी में बहुचर्चित रोजगार सेवक रियाज़ हत्याकांड का खुलासा, मुखिया पति सहित छह गिरफ्तार
मधुबनी- 25 अक्टूबर। जिले में बहुचर्चित मनरेगा रोजगार सेवक मोहम्मद रियाज़ हत्याकांड का पुलिस ने बहुत मशक्कत बाद हत्या में संलिप्त छह लोगों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एसपी योगेन्द्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर थाना क्षेत्र में घटी घटना का मधुबनी पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल,एक मैगजीन,दो जिंदा कारतूस,एक बाईक और चार मोबाइल फोन बरामद किया हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस हत्याकांड की साजिश पंडौल थाना क्षेत्र के सलेमपुर पंचायत के मुखिया पति बौआकांत झा और उनके पुत्र प्रकाश झा ने रची थी। दोनों ने हत्या की सुपारी स्थानीय अपराधी मोहम्मद नजरे आलम को दी थी। जिसने अपने साथियों की मदद से रियाज़ की हत्या को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंडौल थाना क्षेत्र के हैदरपुर गांव निवासी बौआकांत झा और उनके पुत्र प्रकाश झा,सुनील झा के पुत्र कैलाश झा,सलेमपुर निवासी मो. नजरे आलम,राजनगर थाना क्षेत्र के भट्टसीमर निवासी संजय पासवान के पुत्र रवि रंजन पासवान एवं भैरवस्थान थाना क्षेत्र के झौआ निवासी राजेंद्र राय के पुत्र चंदन राय के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक श्री कुमार ने बताया कि मुखिया पति बौआकांत झा और उनके पुत्र प्रकाश झा ने मनरेगा योजना के कार्यों में भारी अनियमितता कर लाखों रुपये की उगाही की थी। तथा मृतक मोहम्मद रियाज़ उक्त पंचायत में उस समय बतौर मनरेगा रोजगार सेवक के रूप में कार्यरत थे। इस पूरे अनियमितता के खिलाफ कई विभागों में आरटीआई डालकर शिकायत की थी। इसी कारण इन दोनों ने रियाज़ को रास्ते से हटाने की साजिश रची। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मुखिया पति ने अपराधी नजरे आलम को हत्या के लिए लाखों रुपये की सुपारी दी थी। इसी पैसे से अपराधियों ने पिस्तौल और बाईक खरीदी।
पूछताछ में मुखिया पति बौआकांत झा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक मोहम्मद रियाज़ पहले माधवपुर प्रखंड में मनरेगा सेवक के रूप में कार्यरत थे। परंतु दो वर्ष पूर्व अनियमितता के आरोप में निलंबित कर दिए गए थे। इसके बाद भी वे पंचायत में जारी मनरेगा योजनाओं में होने वाले भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। इस खुलासे के बाद मृतक के गांव और परिवार में गहरा आक्रोश है।ग्रामीणों ने प्रशासन से सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मधुबनी पुलिस ने महज़ सात दिनों में इस हत्याकांड का खुलासा कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया कि इस मामले में शामिल सभी अपराधियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा और शीघ्र ही चार्जशीट दायर की जाएगी। एसपी ने कहा कि पुलिस को इस कांड में संलिप्त आरोपियों को फांसी की सजा दिलाने के लिए कोशिश करेगी।



