
MADHUBANI:- हथियारों से लैस अपराधियों ने गृहस्वामी को बंधक बनाकर लुटे गहने
मधुबनी- 19 अगस्त। बेनीपट्टी अनुमंडल क्षेत्र के मधवापुर में बीती रात बेखौफ अपराधियों ने पूर्व पैक्स अध्यक्ष के घर डकैती की घटना को अंजाम दिया है। करीब आठ से दस की संख्या में हथियारों से लैस अपराधियों ने गृहस्वामी को पिस्टल के नोक पर बंधक बना कर करीब आधा घंटे तक घर में डकैती करते रहे। डकैती कर सभी अपराधी घर के पीछे से निकल कर फरार हो गए। उधर, मधवापुर के रामपुर में हुई डकैती की सूचना मिलते ही बेनीपट्टी एसडीपीओ नेहा कुमारी, सर्किल इंस्पेक्टर आर के निराला व मधवापुर पुलिस मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिजनों से घटना की पूरी जानकारी लेकर छानबीन शुरू कर दी। मिली जानकारी के अनुसार बीती रात करीब साढ़े बारह बजे आठ से दस की संख्या में हथियारों से लैस अपराधी पूर्व पैक्स अध्यक्ष भागीरथ झा के घर रामपुर पहुंचकर घर के पीछे के गेट से घर में घुसकर पैक्स अध्यक्ष के पुत्र चंदन झा को पिस्टल के बल पर बंधक बना बांध दिया और अन्य लोगों को भी कब्जे में लेकर सभी कमरों के अलमारी व अन्य सामानों को खोलकर जेवरात व दो मोबाइल ले गए। पीड़ित परिजनों ने बताया कि सभी डकैत आपस में हिंदी में बात कर रहे थे। तथा सभी चढ्ढी व गंजी में थे। अपराधियों के हाथों में हथियार और बांस के फठ्ठे थे। चंदन झा ने बताया कि उनकी भाभी के सभी गहने और उनका एक मोबाइल और एक मोबाइल मेरा लेकर चले गए। उधर,छानबीन के दौरान घटनास्थल के समीप एक बगीचे से बम बनाने का सामान और शराब की बोतल मिली है। मालुम हो कि पूर्व पैक्स अध्यक्ष भागीरथ झा के घर इससे पूर्व 2014 में भी डकैती की घटना हुई थी। इस संबंध में एसडीपीओ नेहा कुमारी ने बताया कि पुलिस की जांच चल रही है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



