
MADHUBANI:- बिजलपुरा में हुई अगलगी में तीन मवेशी की झुलसने से मौत
मधुबनी- 16 मई। बेनीपट्टी अंचल के मुरैठ पंचायत के बिजलपुरा गांव के वार्ड नं-16 में बीती रात करीब एक बजे मो. हन्नान के मवेशी घर में आग लग गयी। जिसमें झुलस कर तीन मवेशियों की मौत हो गयी। वहीं, हजारों मूल्य का रखा लकड़ी का तख्ता जलकर खाक हो गया। आग कैसे लगी, इस बात खुलासा नहीं हो पाया है। उधर, आग लगते ही पीड़ित परिवार हल्ला करने लगा। शोरगुल की आवाज पर स्थानीय लोग घर से बाहर निकले और सामूहिक प्रयास कर आग पर काबू पा लिये। लेकिन, तीनों मवेशियों की जान नहीं बचा सके। अगलगी की जानकारी मिलते ही अंचलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व कर्मचारी सह प्रभारी अंचल निरीक्षक ध्रुव कुमार मंडल बिजलपुरा पहुँच कर अगलगी स्थल पर पीड़ित से क्षति की जानकारी ली। इसी दौरान पशुपालन विभाग के पदाधिकारी भी मौके पर पहुँच कर मृत मवेशियों को देख कर पोस्टमार्टम कराने की बात कही। राजस्व कर्मचारी ने बताया कि, मृत मवेशी में एक दुधारू गाय थी। वहीं, एक छह माह का बछड़ा था और एक बछड़ी थी। जो झुलस कर मर गयी। पशुपालन विभाग के पदाधिकारी जांच के लिए पहुँचे है। पोस्टमार्टम होगा, फिर प्रतिवेदन के आधार पर मुआवजा के लिए जिला को रिपोर्ट भेजा जाएगा। ताकि, जो निर्धारित मुआवजा है, वो पीड़ित को मिल सके।



