
MADHUBANI:- प्रह्लाद हत्याकांड में पीडीएस विक्रेता पुपरी से गिरफ्तार, पीडीएस दुकान सील
मधुबनी- 05 फरवरी। बेनीपट्टी के बसैठ में हुए प्रह्लाद हत्याकांड में पुलिस ने कांड के मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी पीडीएस विक्रेता राम भरोस राम की गिरफ्तारी पुलिस ने सीतामढ़ी के पुपरी से की है। पुलिस मुख्य आरोपी से फिलहाल पूछताछ कर रही है। संभावना है कि पूछताछ के बाद हत्याकांड से पर्दा हट जाएगा। उधर, मृतक के पिता दिगंबर झा ने प्रह्लाद हत्याकांड को लेकर बेनीपट्टी पुलिस को बयान देकर एफआईआर दर्ज कराई है। जिसमें बसैठ के राम भरोस राम, चानपुरपट्टी से धरजु यादव, कमलजीत यादव व बसैठ के मिथिलेश मुखिया को आरोपित किया गया है। वादी ने एफआईआर में कहा है कि चारों नामजद आरोपी 03 फरवरी के रात्रि करीब दस बजे बाइक से आये और उनके बेटे को लेकर चले गए। बेटा के घर नहीं लौटने पर खोजबीन किया तो पता नहीं चला। सुबह में खेत में शव मिलने की सूचना हुई तो देखने गए तो उक्त शव मेरे ही पुत्र का था। वादी ने बताया है कि उसके पुत्र को बिजली का करंट देकर हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया गया था। बेनीपट्टी के प्रभारी एसएचओ रामचंद्र प्रसाद ने बताया कि कांड के एक आरोपी की गिरफ्तारी की गई है। अन्य आरोपी भी गिरफ्तार हो जाएंगे। घटना की जांच चल रही है। इधर पीडीएस विक्रेता रामभरोस राम का नाम हत्याकांड में आने के बाद आपूर्ति विभाग हरकत में आया। तथा गिरफ्तारी होते ही एसडीओ के निर्देश पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी इंद्रजीत कुमार ने रविवार को बसैठ पहुँच कर पीडीएस दुकान को सील कर दिया है। विभागीय सूत्रों की माने तो आरोपित पीडीएस विक्रेता के दुकान के अनुज्ञप्ति को भी सस्पेंड किया जाएगा।



