
MADHUBANI:- पेड़ से लटका मिला 16 वर्षीय युवती का शव,प्रेम प्रसंग की आशंका
मधुबनी-24 नवंबर। हरलाखी थाना क्षेत्र के पिपरौन गांव में बुधवार को अहले सुबह 16 वर्षीय एक नाबालिग लड़की का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने जब सुबह एक आम के पेड़ से लड़की का शव लटकते देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची लेकिन तबतक शव को पेड़ से नीचे उतार दिया गया था। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया। मृतका की पहचान पिपरौन गांव के ही जगदीश राम की पुत्री सोनी कुमारी के रूप में हुई है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक मृतका का प्रेम प्रसंग का मामला चल रहा था। वहीं परिजनों ने भी लड़की की शादी की बात शुरू कर दी थी। जिसको लेकर ग्रामीणों ने अंदेशा जाहिर किया है कि प्रेम प्रसंग को लेकर लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। बहरहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तथा मामले की तफ्तीश कर रही है। इस मामले को लेकर थानाध्यक्ष प्रेमलाल पासवान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



