
MADHUBANI:- जिन्दगी की जंग लड़ रहा बिस्फी का गोविंद,CM व MP से जिंदगी बचाने की लगायी गुहार
मधुबनी- 30 मार्च। बिस्फी प्रखंड क्षेत्र के सादुल्लहपुर पंचायत का एक प्रतिभा शाली युवक जिन्दगी बचाने के लिए जद्दोजहद कर रहा है। युवक गोविंद कमती अप्लास्टिक एनीमिया नामक गंभीर बीमारी से जूझ रहा है। इस बीमारी प्लाज्मा,प्लेटलेटस और हीमोग्लोबिन का निर्माण शरीर में नहीं होता है। प्लेटलेटस की कमी होने पर दांत,मुंहऔर बाह्य अंगों से ब्लीडिंग होने लगता है। अधिक रक्तस्राव होने पर मरीज की जान भी चली जाती है। 26 साल के अविवाहित गोविन्द ने गुहाटी से डीजल मैकेनिकल का कोर्स कर चुका है। उसके पास प्रतिभा और हुनर दोनों है। बदकिस्मती से वह जानलेवा बीमारी से ग्रस्त होकर धीरे-धीरे मौत की ओर कदम बढ़ा रहा है। आर्थिक रूप से लाचार युवक बीमारी का खर्च उठाने में सक्षम नहीं है। स्थानीय लोगों की सहायता से अभीतक किसी तरह से इस खतरनाक बीमारी का इलाज चलता रहा है।पिताजी ठेला चलाकर घर का खर्च और गोविन्द की बिमारी का इलाज भी कर रहा है। इस संबंध में पूछने पर गोविन्द ने बताया कि जीवन रक्षक टीम दरभंगा के द्वारा एक साल से ब्लड डोनेट किया जा रहा है। बीमारी के इलाज के बाबत पूछे जाने पर उसने बताया कि इंदौर के एक होमियोपैथिक डाक्टर के पास इसका इलाज है। इलाज से फायदा भी हुआ। परंतू इलाज के लिए प्रतिमास 50 हजार रूपया चाहिए, जो कि उसके लिए संभव नहीं है। केवल स्थानीय विधायक हरिभूषण ठाकुर बचोल की ओर से हर महीने आर्थिक मदद मिल रही है। बाकी लोगों से अपेक्षित सहायता नहीं मिल रही है। अब तो कर्ज भी मिलना बंद हो गया है। गोविन्द ने सीएम एवं सांसद से जीवन बचाने की गुहार लगायी है।



